टिहरी गढ़वाल।।विकासखंड थौलधार के सौरभ रावत ने सेना में लेफ्टिनेंट बनकर बढ़ाया जिले का मान।

नगुण पट्टी के ग्राम दड़माली निवासी सौरभ की उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल, गांव पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत।

थौलधार।।टिहरी गढ़वाल के विकासखंड थौलधार की नगुण पट्टी के ग्राम दड़माली निवासी सौरभ रावत ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर अपने गांव, क्षेत्र और पूरे जिले का नाम रोशन किया है। 

सौरभ की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।गांव पहुंचने पर ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों ने उनका भव्य स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।

क्षेत्र के पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं जिला बार एसोसिएशन टिहरी गढ़वाल के वर्तमान अध्यक्ष जयबीर सिंह रावत ने बताया कि सौरभ के पिता प्यार सिंह रावत सरकारी एम्बुलेंस चालक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं, जबकि माता श्रीमती शांति देवी सीएचसी चिन्यालीसौड़ में वार्ड सहायिका के पद पर कार्यरत हैं। 

सौरभ के छोटे भाई सचिन रावत ने भी NEET परीक्षा उत्तीर्ण की है और वर्तमान में हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में MBBS अंतिम वर्ष के छात्र हैं।

शिक्षा से सेना तक का सफर

सौरभ रावत ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रेनसा द्रोण पब्लिक स्कूल, देहरादून से प्राप्त की।इसके बाद उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय, शंकरपुर देहरादून से इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की।आगे उन्होंने पंतनगर विश्वविद्यालय से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक किया।

इसके बाद सौरभ का चयन सेना की इंजीनियरिंग यूनिट में हुआ। 

उन्होंने ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (OTA), चेन्नई में नौ माह का प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके बाद भारतीय सैन्य अकादमी (IMA), देहरादून में तीन माह का प्रशिक्षण पूरा किया। 

प्रशिक्षण के उपरांत 5 सितंबर 2026 को पासआउट होकर सौरभ रावत भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बने।

गांव पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत

लेफ्टिनेंट बनने के बाद पहली बार गांव पहुंचने पर सौरभ रावत का ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने उत्साह के साथ स्वागत किया। 

इस दौरान लोगों ने उनकी सफलता को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए उनके उज्ज्वल सैन्य भविष्य की कामना की।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि सौरभ की सफलता पहाड़ के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है। सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर उन्होंने सेना में अधिकारी बनने का मुकाम हासिल किया है।

स्वागत कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्रीपाल पंवार, ग्राम प्रधान सब्बल सिंह रावत, पूर्व प्रधान रीना देवी, सूरत सिंह, नारायणी देवी, तेग सिंह रावत, यशवीर पंवार, विनोद पंवार, दिनेश पंवार, कल्याण सिंह रावत, शीशपाल पंवार, अमर सिंह राणा, पूर्व प्रमुख बबीता शाह, सोवत सिंह पंवार, राधा कृष्ण जोशी, दर्शन सिंह रावत, दिनेश कुमाईं, अतर थलवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

सौरभ रावत की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि विकासखंड थौलधार, नगुण पट्टी और पूरे टिहरी गढ़वाल के लिए गर्व का विषय है।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india