उत्तरकाशी।।”सेवा सुशासन और समर्पण” के संकल्प के साथ आयोजित स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ०श्याम विजय के दिशा-निर्देशन एवं प्रमुख अधीक्षक डॉ०बी०एस०रावत के नेतृत्व में आज जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त कर विभिन्न निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं एवं जांचों का लाभ उठाया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया।
शिविर के दौरान कुल 534 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।इनमें 143 मरीजों की उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन), 157 मरीजों की मधुमेह, 38 मरीजों की सर्वाइकल कैंसर, 32 मरीजों की ब्रेस्ट कैंसर तथा 04 मरीजों की ओरल कैंसर की स्क्रीनिंग की गई।इसके अतिरिक्त 80 मरीजों की टीबी जांच, 54 मरीजों के एक्स-रे, 45 मरीजों की एलएफटी जांच तथा 24 मरीजों की आरएफटी जांच सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
इस अवसर पर नवनियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ०श्याम विजय ने जिला चिकित्सालय के आईसीयू वार्ड, जनरल वार्ड, पैथोलॉजी सेंटर, इमरजेंसी वार्ड सहित विभिन्न चिकित्सा इकाइयों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, साफ-सफाई, उपकरणों की उपलब्धता एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लेते हुए सभी व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने मरीजों को समयबद्ध, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ०श्याम विजय ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के माध्यम से जनपद के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि ऐसे निःशुल्क विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
डॉ. पी. एस. पोखरियाल ने अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी का कार्यभार ग्रहण किया।
आज डॉ. पी. एस. पोखरियाल द्वारा मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय उत्तरकाशी में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी के पद पर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत डॉ. पोखरियाल ने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, गैर संचारी रोग नियंत्रण, रोगों की रोकथाम, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं तथा दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध, पारदर्शी एवं उत्तरदायी कार्यसंस्कृति अपनाने का आह्वान किया, ताकि आमजन को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
उल्लेखनीय है कि अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी का कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व डॉ. पी. एस. पोखरियाल जिला चिकित्सालय, उत्तरकाशी में प्रमुख अधीक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने, मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हेतु महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके प्रशासनिक अनुभव एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में लंबे कार्यानुभव का लाभ अब जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं के व्यापक संचालन एवं स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में मिलेगा।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड उत्तरकाशी से संपादक की रिपोर्ट।

