उत्तराखंड।।टिहरी में लम्पी स्किन डिजीज पर विभाग अलर्ट, 39 टीमें गांव-गांव पहुंचकर कर रहीं टीकाकरण।

प्रभावित व संवेदनशील क्षेत्रों में फॉगिंग और चूने का छिड़काव, पशुपालकों को सावधानी बरतने की सलाह ।

टिहरी गढ़वाल।। जनपद टिहरी गढ़वाल में पशुओं में फैल रही लम्पी स्किन डिजीज की रोकथाम और प्रभावी नियंत्रण के लिए पशुपालन विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। बीमारी की रोकथाम के लिए जनपद में 39 विशेष टीमें सक्रिय की गई हैं, जो प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में घर-घर जाकर पशुओं का टीकाकरण करने के साथ ही पशुपालकों को जागरूक कर रही हैं।
मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.के. शर्मा ने बताया कि पशुधन को लम्पी स्किन डिजीज से सुरक्षित रखने के लिए टीकाकरण, सैनिटाइजेशन, वेक्टर कंट्रोल और जनजागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय निकायों के सहयोग से फॉगिंग और चूने का छिड़काव भी कराया जा रहा है, ताकि बीमारी फैलाने वाले मक्खी-मच्छर एवं अन्य कीटों पर नियंत्रण किया जा सके।
विभाग की टीमें गांव-गांव पहुंचकर पशुपालकों को बीमारी के प्रारंभिक लक्षणों और बचाव के उपायों की जानकारी दे रही हैं। पशुओं में बुखार, त्वचा पर गांठें, आंख या नाक से स्राव तथा पैरों में सूजन जैसे लक्षण दिखाई देने पर संक्रमित पशु को तत्काल स्वस्थ पशुओं से अलग रखने की सलाह दी गई है।
पशुपालकों से पशुशालाओं एवं बाड़ों में नियमित साफ-सफाई रखने, मक्खी-मच्छरों से बचाव के लिए अनुशंसित कीटनाशकों का प्रयोग करने तथा चूने का छिड़काव करने की अपील की गई है।

बीमारी के प्रसार के दौरान पशुओं की अनावश्यक खरीद-बिक्री एवं आवाजाही से बचने की भी सलाह दी गई है।
मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में स्थिति नियंत्रण में है और त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) लगातार सक्रिय हैं।

उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि पशुओं में लम्पी स्किन डिजीज के लक्षण दिखाई देने पर घबराने के बजाय तत्काल निकटतम पशु चिकित्सालय या विभागीय टीम से संपर्क करें।
उन्होंने बताया कि घाटी वाले क्षेत्रों में पशुशालाओं के आसपास नीम की पत्तियों का धुआं करने तथा पशुओं को गिलोय का पानी देने की सलाह भी दी जा रही है।

विभागीय टीमें पशुपालकों को बीमारी से बचाव और आवश्यक सावधानियों के संबंध में लगातार मार्गदर्शन उपलब्ध करा रही हैं।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड, टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india