उत्तराखंड।।टिहरी जिला पंचायत सदन में गूंजी जनता की पीड़ा,समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन गंभीर।

टिहरी गढ़वाल।।टिहरी जनपद के जिला पंचायत मुख्यालय में आयोजित जिला पंचायत सदन की बैठक ग्रामीण जनता की आवाज और उनकी वर्षों से चली आ रही समस्याओं का सशक्त मंच बनी।

बैठक के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं को सदन के पटल पर मजबूती से रखा।

बैठक में जिला पंचायत सदस्य सुनील प्रसाद जुयाल द्वारा अपने क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क,पेयजल,स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, शिक्षा से जुड़ी समस्याएं, महिला एवं बाल विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और दूरस्थ गांवों में बुनियादी सुविधाओं की दुर्दशा को लेकर विस्तृत चर्चा की।

उन्होंने कहा कि ये समस्याएं केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं हैं,बल्कि आमजन के रोजमर्रा के जीवन से जुड़ा संघर्ष हैं जिनका शीघ्र समाधान जन हित में अत्यंत आवश्यक है।

बैठक की अध्यक्षता कर रही जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने सभी विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि सदन में उठाई गई प्रत्येक समस्या का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए,ताकि जनता को राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी इस बात का ध्यान रखें कि अगली बैठक में यह समस्याएं दुबारा नही आनी चाहिए।

बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला ने कहा कि जिन विभागों के अधिकारी व कर्मचारी बैठक में उपस्थित नही हुए उनसे लिखित में जबाब अवश्य मांगे।

बैठक में उपस्थित मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने कहा कि जिला पंचायत सदन के पटल में जनप्रतिनिधियों द्वारा जो भी समस्याएं रखी गई हैं वे सभी जनहित से जुड़ी हैं।

उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ इन मुद्दों पर कार्य करेगा और संबंधित विभागों को निर्देशित किया जाएगा कि समस्याओं का समाधान धरातल पर दिखाई दे।

जिला पंचायत सदस्य विजयपाल रावत ने कहा कि यह बैठक इस बात का प्रमाण बनी कि जब जनप्रतिनिधि ईमानदारी से जनता की आवाज़ उठाते हैं और प्रशासन सहयोगात्मक रवैया अपनाता है,तभी विकास की दिशा में सार्थक कदम बढ़ते हैं।

जिला पंचायत सदस्य शीशपाल सजवाण व शीशपाल राणा ने अपने क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के सुधारीकरण पर चर्चा की जिस पर संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया गया।

जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह असवाल ने कहा कि सदन में उठाए गए सभी मुद्दों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों ने गंभीरता दिखाते हुए समाधान का भरोसा दिलाया।

जिला पंचायत सदस्य अंजली रमोला ने अपने क्षेत्र की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पटल पर रखी।

जिला पंचायत सदस्य पुष्पा रावत ने शिक्षा विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाए।

जिला पंचायत सदस्य राजेन्द्र रागड़ ने अटल उत्कृष्ट विद्यालय में अध्यापकों की कमी पर शिक्षा विभाग पर सवाल उठाए।

जिला पंचायत सदस्य विक्रम घणाता एवं अनुज शाह ने घनसाली क्षेत्र में स्वास्थ सेवाओं की लापरवाही पर सवाल उठाए।

बैठक में अन्य जिला पंचायत सदस्यों ने क‌ई समस्याओं पर चर्चा की जिनका संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया।

जिला पंचायत सदस्य दर्शनी रावत एवं कविता देवी ने कहा कि जिला पंचायत सदन की यह बैठक ग्रामीणों के द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों के लिए नई उम्मीद और विश्वास का संदेश लेकर आई है।

बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला,जिला पंचायत के समस्त सदस्य गण एवं ब्लाक प्रमुख व समस्त अधिकारी व कर्मचारी एवं जिले से संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

संपादक सुनील जुयाल की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india