टिहरी।।(सू०वि०) 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल द्वारा 26 जनवरी, 2026 को जिला कलेक्ट्रेट परिसर नई टिहरी में ध्वजारोहण किया गया।
उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को संविधान के अनुरूप चलने की शपथ दिलाई।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भारतीय संविधान की महत्ता, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि आज विश्व के परिपेक्ष में हम देख सकते हैं कि हमारा संविधान कितना मजबूत है और हम पूर्ण रूप से सुरक्षित हैं। उन्होंने सभी को ईमानदारी,अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा संविधान की संप्रभुत्व को बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर स्कूल बच्चों द्वारा राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी गई।
इस अवसर पर कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली बच्चे, अध्यापक एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
गणतंत्र दिवस पर भव्य परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन।।
जनपद मुख्यालय पर सोमवार को 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल सुश्री नितिका खण्डेलवाल द्वारा नई टिहरी स्थित प्रताप इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में क्षेत्रीय विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय उपस्थित रहे।
इसके पश्चात जिलाधिकारी द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया तथा उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को भारतीय संविधान की शपथ दिलाई गई। तत्पश्चात पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी, विभिन्न विभागों तथा विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक मार्च-पास्ट/परेड प्रस्तुत की गई, जिसका निरीक्षण कर जिलाधिकारी द्वारा सलामी ली गई।
मुख्य अतिथि विधायक किशोर उपाध्याय ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संविधान निर्माताओं को नमन किया।
उन्होंने सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों से टिहरी रियासत के भारत में विलय के उपरांत उत्पन्न आर्थिक एवं पर्यावरणीय विषयों पर विश्लेषण करने की आवश्यकता पर बल दिया,साथ ही ‘दिशा’ की बैठकों में नई व्यवस्थाएं विकसित करने की बात कही।
जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री इशिता सजवाण ने समस्त क्षेत्र वासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संविधान के निर्माताओं को याद करते हुए उनको भरे मन से नमन किया।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हम सब देश वासियों का सौभाग्य है कि हमारा जन्म भारत देश में हुआ है जहां पर हर व्यक्ति को स्वतंत्रता मिली है।
उन्होंने कहा कि देश के युवाओं में अपने देश के लिए कुछ करने जज्बा होना चाहिए ताकि हमारे उन जवानों की कुर्बानी ब्यर्थ न जाए जिन्होंने हमारे देश को आजादी दिलाई है।
जिलाधिकारी ने समस्त जनपद वासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारा संविधान अत्यंत सशक्त है, जिसकी अखंडता को विश्व की कोई शक्ति भंग नहीं कर सकती।
उन्होंने सभी से संविधान के अनुरूप विचार, न्याय एवं अभिव्यक्ति को बनाए रखने तथा छोटे-छोटे योगदान के माध्यम से पूर्ण निष्ठा के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष टिहरी मोहन सिंह रावत, जिलाध्यक्ष भाजपा उदय सिंह रावत एवं जिला अध्यक्ष कांग्रेस मुरारी लाल खण्डवाल द्वारा भी अपने विचार व्यक्त किए गए।
कार्यक्रम के दौरान जनपद के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां भी निकाली गई।
कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अवतार सिंह तोपाल के पुत्र प्रेम सिंह तोपाल को सम्मानित किया गया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर खेल विभाग द्वारा आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्र-छात्राओं एवं परेड टुकड़ियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर एसएसपी आयुष अग्रवाल, सीडीओ वरुण अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला,जिलाध्यक्ष उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी ज्योति प्रसाद भट्ट, ब्लॉक प्रमुख चम्बा सुमन सजवाण, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद चम्बा शोभनी धनौला, एएसपी जे.आर.जोशी, डीडीओ मो.असलम, एसडीएम स्नेहिल कुंवर सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
संपादक सुनील जुयाल की रिपोर्ट।

