उत्तराखंड।।डीएम टिहरी ने जनता दरबार में सुनी जनसमस्याएं अधिकारीयों को समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश।

टिहरी गढ़वाल।।(सू०वि०)सोमवार को जिला सभागार नई टिहरी में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में जनपदवासियों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना गया।

इस मौके पर कुल 50 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जो पेयजल, ग्राम पंचायत, विद्युत, वन विभाग सहित अन्य विभागों से संबंधित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सीएम हेल्पलाइन एवं जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की समीक्षा भी की गई।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का समयान्तर्गत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा जिन प्रकरणों का समाधान हो चुका है, उन्हें तत्काल पोर्टल पर अपडेट किया जाए।

ग्राम सौड़, जड़ीपानी (ठांगधार), तहसील टिहरी निवासी राजपाल चन्द रमोला एवं विजयपाल चन्द रमोला पुत्रगण स्व०पूरण चन्द रमोला द्वारा अवगत कराया गया कि उनके स्वर्गीय पिता द्वारा दिनांक 10 अक्टूबर 2018 से 31 जनवरी 2026 तक अपनी भूमि द्वितीय पक्ष प्रतीक कालिया को कैंपिंग एवं कॉटेज व्यवसाय हेतु किराया इकरारनामा के आधार पर दी गई थी। अवधि पूर्ण होने के उपरांत भी द्वितीय पक्ष द्वारा भूमि खाली नहीं की जा रही है।इस प्रकरण में जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

जयपाल सिंह कैरवाण,पूर्व मंडल महामंत्री जौनपुर द्वारा ग्राम पंचायत कांडाजाख स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय (हाई स्कूल) जंगल के समीप होने के कारण जंगली जानवरों के खतरे को देखते हुए बाउंड्री वॉल निर्माण हेतु अनटाइड फंड से स्वीकृति प्रदान करने की मांग की गई।इस संबंध में मुख्य शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

सुरेन्द्र दत्त सूरी, जनरल स्टोर मदनेगी द्वारा माह अगस्त 2025 में तहसील मदननेगी में वितरित 50 राशन पैकेटों की धनराशि का भुगतान किए जाने की मांग पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गम्भीर सिंह पंवार द्वारा पुनर्वास स्थल पथरी भाग-3 पश्चिम, हरिद्वार में आवंटित कृषि भूखण्ड कृषि योग्य न होने के कारण पथरी भाग-3 पूर्व में परिवर्तन किए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया।

इस पर प्रभारी अधिकारी पुनर्वास को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

ग्राम मुडियागांव तहसील टिहरी निवासी सज्जन सिंह द्वारा घरेलू विद्युत कनेक्शन को व्यवसायिक दर्शाते हुए अत्यधिक विद्युत बिल आने की शिकायत पर अधिशासी अभियंता विद्युत को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

जनता दरबार में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल,उप जिलाधिकारी टिहरी स्नेहिल कुंवर,मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ० श्याम विजय, जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी एवं शिकायतकर्ता व मिडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india