उत्तराखंड।।उत्तरकाशी की स्वास्थ्य इकाइयों में ‘स्वच्छता ही सेवा’अभियान के तहत विशेष स्वच्छता अभियान जारी।

उत्तरकाशी।। जनपद उत्तरकाशी की समस्त राजकीय चिकित्सा स्वास्थ्य इकाइयों में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है।

राज्य स्तर से प्राप्त दिशा-निर्देशों के क्रम में यह अभियान 02 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चलाया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.श्याम विजय के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय, उप जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में विशेष स्वच्छता गतिविधियां की जा रही हैं।

अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य संस्थानों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं संक्रमणमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।
वार्ड से लेकर परिसर तक विशेष सफाई

अभियान के दौरान स्वास्थ्य इकाइयों के वार्ड, कार्यालय, स्टोर, प्रयोगशालाओं, शौचालयों, जल स्रोतों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की नियमित सफाई की जा रही है। इसके साथ ही परिसरों में झाड़ियों की कटाई, श्रमदान तथा सौंदर्यीकरण से संबंधित गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं।
स्वास्थ्य संस्थानों में पड़ी अनावश्यक एवं अनुपयोगी सामग्री, क्षतिग्रस्त उपकरण, पुराने अभिलेख, एक्सपायर्ड दवाइयों एवं कंज्यूमेबल्स को चिन्हित कर निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सुरक्षित निस्तारण की प्रक्रिया भी की जा रही है।
दैनिक प्रगति की हो रही निगरानी

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने कहा कि स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित स्वास्थ्य संस्थान बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की आधारशिला हैं।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे स्वास्थ्य संस्थानों की नियमित कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाया जाए।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत संचालित गतिविधियों की दैनिक प्रगति की निगरानी एवं रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने सभी स्वास्थ्य इकाइयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने-अपने संस्थानों को निरंतर स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित एवं संक्रमणमुक्त बनाए रखने की अपील की।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड से संपादक की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india