उत्तराखंड।।द्रोणाचार्य अवार्डी एवं भारतीय पैरा शूटिंग टीम के मुख्य कोच PEFI की नेशनल गवर्निंग बॉडी में बने एडवाइजर।

देवभूमि के लाल सुभाष राणा को राष्ट्रीय जिम्मेदारी।

धनोल्टी।। उत्तराखंड के खेल जगत के लिए गौरव का एक और अवसर सामने आया है।

टिहरी गढ़वाल के जौनपुर विकासखंड के ग्राम चिलामु निवासी, द्रोणाचार्य अवार्डी एवं भारतीय पैरा शूटिंग टीम के मुख्य कोच श्री सुभाष राणा को फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (PEFI) की नेशनल गवर्निंग बॉडी में एडवाइजर (सलाहकार) नियुक्त किया गया है।

नई दिल्ली स्थित PEFI के नेशनल ऑफिस में आयोजित विशेष कार्यक्रम में संगठन के नेशनल सेक्रेटरी प्रोफेसर (डॉ.) पीयूष जैन ने श्री सुभाष राणा को इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का आधिकारिक चार्ज सौंपा।

इस अवसर पर डॉ. पवन कुमार रोहिला, सीनियर फिजियोथेरेपिस्ट,डॉ.आरएमएल अस्पताल नई दिल्ली तथा श्री दिनेश गौर,मीडिया हेड PEFI भी उपस्थित रहे।

पैरा-स्पोर्ट्स और खेल शिक्षा को मिलेगी नई दिशा।

श्री सुभाष राणा ने पैरा शूटिंग के क्षेत्र में देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक उपलब्धियां दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 

द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित सुभाष राणा लंबे समय से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन देने के साथ-साथ युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रहे हैं।

PEFI की नेशनल गवर्निंग बॉडी में एडवाइजर की नई जिम्मेदारी मिलने से उनके अनुभव का लाभ देश में शारीरिक शिक्षा,खेल संस्कृति और विशेष रूप से पैरा-स्पोर्ट्स को और मजबूती देने में मिलने की उम्मीद है।

ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर।

PEFI देश में शारीरिक शिक्षा एवं खेलों के विकास, खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को खेल के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए कार्यरत संगठन है। 

संगठन द्वारा स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ही खेल एवं शारीरिक शिक्षा से जुड़े युवाओं को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और करियर संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाती है।

श्री सुभाष राणा की नई भूमिका विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।उनके अनुभव और मार्गदर्शन से युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और खेल के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं को समझने में मदद मिल सकती है।

खेल को युवाओं के भविष्य से जोड़ने का संकल्प।

PEFI की नेशनल गवर्निंग बॉडी में एडवाइजर नियुक्त होने पर श्री सुभाष राणा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। 

उन्होंने कहा कि देश में शारीरिक शिक्षा को मजबूत करने तथा खिलाड़ियों, विशेषकर पैरा-स्पोर्ट्स से जुड़े खिलाड़ियों को मुख्यधारा में लाने के लिए वे अपने अनुभवों का पूरा योगदान देंगे।

श्री सुभाष राणा को मिली इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पर उत्तराखंड की खेल बिरादरी,खेल प्रेमियों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए इसे देवभूमि उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय बताया है।

प्रगति मिडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india