टिहरी गढ़वाल।।गांधी जयंती पर पीएमश्री जीआईसी मैण्डखाल में गूंजा सत्य, अहिंसा और सादगी का संदेश।

ध्वजारोहण के साथ महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के विचारों को किया गया याद, मौखिक प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रखे विचार।

मैण्डखाल।।राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पीएमश्री जीआईसी मैण्डखाल में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। 

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सुनील प्रसाद जुयाल ने शिरकत की। 

विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण कर दोनों महान विभूतियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

गांधी जयंती के अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं द्वारा विद्यार्थियों के बौद्धिक एवं नैतिक विकास को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। 

इस दौरान महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं सादगी तथा लाल बहादुर शास्त्री के अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा से जुड़े विचारों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में बौद्धिक विकास एवं मौखिक प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया,जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन तथा उनके आदर्शों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सुनील प्रसाद जुयाल ने कहा कि महात्मा गांधी जी का सत्य और अहिंसा का संदेश आज भी समाज के लिए बेहद प्रासंगिक है। 

उन्होंने कहा कि सत्य केवल बोलने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसे अपने आचरण और व्यवहार में भी उतारना आवश्यक है। 

वहीं लाल बहादुर शास्त्री जी का सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

विद्यालय के शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि विद्यार्थियों को महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर सत्य, अहिंसा, अनुशासन, स्वच्छता, आपसी सम्मान और राष्ट्रसेवा को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। 

उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अच्छे संस्कार और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करना भी है।

कार्यक्रम का संचालन अध्यापक श्री राजेश सिंह राणा ने किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री बिजेंद्र सिंह भंडारी, पूर्व प्रधानाचार्य श्री संजय बधानी, पीटीए अध्यक्ष श्री प्रेमलाल जुयाल, श्री उम्मेद सिंह पुंडीर, श्री अरबिंद तड़ियाल, श्री नरेश कुमार, श्रीमती नीरा मिश्रा, श्रीमती संगिता सेमवाल, श्रीमती अनिता जाटव, श्रीमती माधुरी उनियाल, नगमा, श्री हरीश बंगवाल, श्री राजमोहन रावत, श्री आशिष नौटियाल, श्री नारायण नौटियाल, श्री विनय उनियाल, बुद्धी लाल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को “सत्य के मार्ग पर चलने, अहिंसा को अपनाने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने” का संदेश दिया गया।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india