टिहरी गढ़वाल।।(सू०वि०) मुख्य विकास अधिकारी टिहरी गढ़वाल वरुणा अग्रवाल ने विकासखंड नरेंद्रनगर के अंतर्गत प्रगति स्वायत्त सहकारिता द्वारा संचालित सामुदायिक स्तर के उद्यमों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने ड्रैगन फ्रूट कल्टीवेशन और बकरी पालन यूनिट का जायजा लेते हुए समूह की महिलाओं से संवाद किया तथा उद्यमों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
ड्रैगन फ्रूट उत्पादन क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान पौधों की गुणवत्ता अच्छी पाई गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ड्रिप इरीगेशन एवं जियो लाइन टैंक की व्यवस्था करने के निर्देश मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी और जिला उद्यान अधिकारी पंकज पेटवाल को दिए।
सीडीओ ने समूह की महिलाओं को ड्रैगन फ्रूट जैसी लाभकारी फसलों का उत्पादन बढ़ाने के साथ ही अन्य महिलाओं को भी इससे जोड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर ऐसे उद्यमों को बढ़ावा देने से महिलाओं की आजीविका मजबूत होने के साथ उनकी आय में भी वृद्धि होगी।साथ ही ऐसी फसलों को प्रोत्साहित करने से जंगली जानवरों से होने वाले फसल नुकसान को कम करने में भी मदद मिल सकती है।
उसके तत्पश्चात मुख्य विकास अधिकारी ने किराड़ा में संचालित बकरी पालन यूनिट का निरीक्षण किया।
उन्होंने समूह की महिलाओं से बकरी पालन की गतिविधियों, व्यवस्थाओं और उत्पादन से संबंधित जानकारी ली।
यूनिट में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए दो सोलर लाइट लगाने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।
संदेश:सामुदायिक स्तर पर कृषि एवं पशुपालन आधारित उद्यमों को बढ़ावा देकर ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के लिए स्थानीय रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकते हैं।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

