उत्तराखंड।। टिहरी गढ़वाल के खरसाड़ा के विद्यालयों में पहुंचे अपर जिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा।

बच्चों से संवाद कर पढ़ाई और सुविधाओं की ली जानकारी,आपदा से क्षतिग्रस्त आंगन को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश।

टिहरी गढ़वाल।।(सू०वि०)अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने विकासखंड नरेन्द्रनगर के ग्राम खरसाड़ा पालकोट स्थित राजकीय इंटर कॉलेज एवं राजकीय जूनियर हाईस्कूल का भौतिक निरीक्षण कर विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्थाओं और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद किया और उनकी पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं तथा अन्य गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। 

उन्होंने विद्यालयों की उपस्थिति पंजिका सहित आवश्यक अभिलेखों का भी अवलोकन किया।

राजकीय इंटर कॉलेज खरसाड़ा पालकोट में कक्षा 9 से 12 तक 163 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यालय परिसर में स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। 

आपदा के कारण विद्यालय का आंगन क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलने पर अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए आंगन को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

वहीं राजकीय जूनियर हाईस्कूल खरसाड़ा पालकोट में 47 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत मिले। 

विद्यालय में मध्याह्न भोजन योजना संचालित पाई गई और बच्चे निर्धारित स्कूल ड्रेस में उपस्थित थे। दोनों विद्यालयों में शिक्षक एवं संबंधित स्टाफ भी उपस्थित पाया गया।

अपर जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के साथ-साथ रचनात्मक एवं गतिविधि आधारित कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। 

उन्होंने विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर तहसीलदार गजा राजेन्द्र सिंह गुनसोला, प्रभारी प्रधानाचार्य राजेन्द्र प्रसाद उनियाल सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india