नई टिहरी, 11 सितंबर 2026।जिला पंचायत सभागार में शुक्रवार को जिला पंचायत शिक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री मान सिंह रौतेला ने की।
बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी टिहरी श्रीमती कमला बड़वाल एवं अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत श्री गणेश भट्ट सहित विभिन्न विकासखंडों के खंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सभी जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों के विद्यालयों से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
सदस्यों ने विद्यालय भवनों की जर्जर स्थिति, शिक्षकों की कमी, शौचालयों की मरम्मत, पेयजल, विद्यालयों में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं सहित विभिन्न समस्याओं से मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को अवगत कराया।
सभी जिला पंचायत सदस्यों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र की विद्यालय संबंधी समस्याओं एवं आवश्यक कार्यों को लेकर मुख्य शिक्षा अधिकारी को प्रस्ताव भी प्रेषित किए गए।
सदस्यों ने इन प्रस्तावों पर विभागीय स्तर से गंभीरता के साथ कार्रवाई करते हुए विद्यालयों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला ने मुख्य शिक्षा अधिकारी से कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का संज्ञान लेते हुए संबंधित विद्यालयों की स्थिति का निरीक्षण कराया जाए और आवश्यकतानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी श्रीमती कमला बड़वाल ने जिला पंचायत सदस्यों द्वारा रखी गई समस्याओं एवं प्रेषित प्रस्तावों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
बैठक में जिला पंचायत सदस्य हुकम सिंह भंडारी, विजयपाल सिंह रावत, सुनील प्रसाद जुयाल, पुष्पा रावत, दर्शनी रावत, शकुन्तला पंवार, सीता मनवाल, कविता देवी, उत्तम सिंह असवाल, शीशपाल सिंह राणा, ताजवीर सिंह खाती, जोत सिंह असवाल, शीशपाल सिंह सजवाण सहित विभिन्न विकासखंडों के खंड शिक्षा अधिकारी एवं शिक्षा विभाग व जिला पंचायत से एस एस कठेत, जसपाल सिंह रावत एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य।
विद्यालयों की समस्याओं को चिन्हित करना, विभाग के समक्ष प्रस्ताव रखना और विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना।

