चिन्यालीसौड़।।राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में गुरुवार को आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ उठाया।
जिलाधिकारी उत्तरकाशी श्री प्रशांत आर्य के दिशा-निर्देशों के क्रम में आयोजित शिविर का शुभारंभ जनपद के प्रभारी मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा ने किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी उत्तरकाशी डॉ.श्याम विजय के मार्गदर्शन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ की टीम ने स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। शिविर में 426 लोगों का ओपीडी पंजीकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।वहीं 200 लोगों की उच्च रक्तचाप तथा 232 लोगों की मधुमेह की स्क्रीनिंग की गई।
स्वास्थ्य जांच के दौरान बीमारी अथवा अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्या पाए जाने पर लोगों को चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा आवश्यकता के अनुसार उपचार और आगे की जांच के लिए मार्गदर्शन किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को उच्च रक्तचाप, मधुमेह सहित गैर-संचारी रोगों से बचाव के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच,समय पर उपचार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया।
शिविर में दिव्यांग प्रमाण-पत्र,आयुष्मान कार्ड, टीकाकरण,विभिन्न स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग सहित अन्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई गई।इसके अलावा विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं की जानकारी आमजन को दी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.श्याम विजय ने कहा कि बहुउद्देशीय शिविरों का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के निकट पहुंचाना और विभिन्न स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.एस. पोखरियाल, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन पंचोला सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड से संपादक की रिपोर्ट।

