उत्तराखंड।।उत्तरकाशी में “स्वास्थ्य सेवा सप्ताह” का शुभारंभ18 अगस्त तक लगेंगे विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर।

उत्तरकाशी।।उत्तराखण्ड सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” के संकल्प के तहत चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जनपद उत्तरकाशी में “स्वास्थ्य सेवा सप्ताह” का शुभारंभ किया गया।

जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेश चौहान एवं ब्लॉक प्रमुख भटवाड़ी ममता पंवार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि किशोर भट्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के तहत आयोजित विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में स्थानीय नागरिकों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ परामर्श, आवश्यक जांच, दवाइयों का निःशुल्क वितरण, टीकाकरण, उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच, मुख, स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की स्क्रीनिंग, किशोरियों एवं महिलाओं में एनीमिया की जांच एवं परामर्श, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग संबंधी सेवाएं तथा स्वैच्छिक रक्तदान जैसी विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लिया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत ने बताया कि 4 जुलाई से 18 अगस्त 2026 तक जनपद के जिला चिकित्सालय, उप जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इन शिविरों का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना तथा आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।

उन्होंने जनपद वासियों से इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

उन्होंने बताया कि शिविरों की तिथि, स्थान एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से लगातार आमजन तक पहुंचाई जा रही है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक समय पर इन सेवाओं का लाभ ले सके।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, समय पर टीकाकरण, स्वैच्छिक रक्तदान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।

विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर की प्रमुख उपलब्धियां:

कुल 428 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

98 लोगों की उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) की जांच की गई।

96 लोगों की मधुमेह (डायबिटीज) की जांच की गई।

7 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग की गई।

15 महिलाओं की ब्रेस्ट कैंसर जांच की गई।

83 लोगों की टीबी संबंधी स्वास्थ्य जांच की गई।

3 लोगों की आभा (ABHA) आईडी बनाई गई।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत, प्रमुख अधीक्षक डॉ. पी. एस. पोखरियाल, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. पांगती, विधायक सुरेश चौहान, ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार, जनप्रतिनिधि किशोर भट्ट सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड उत्तरकाशी से संपादक की रिपोर्ट।

Leave a Reply

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india