उत्तरकाशी।।(07 अगस्त) चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.एस. पोखरियाल ने हीना स्क्रीनिंग प्वाइंट एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) भटवाड़ी का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति तथा व्यवस्थाओं का गहन मूल्यांकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय के निर्देशन में आयोजित निरीक्षण के दौरान सबसे पहले हीना चारधाम यात्रा स्क्रीनिंग प्वाइंट का जायजा लिया गया।यहां यात्रियों की समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य जांच, आवश्यक जीवन रक्षक दवाइयों की उपलब्धता तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को हर समय तैयार रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
इसके बाद अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने पीएचसी भटवाड़ी का निरीक्षण करते हुए ओपीडी, वार्ड,आपातकालीन कक्ष, डेंटल यूनिट, प्रयोगशाला तथा प्रसव कक्ष की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
उन्होंने डेंटल यूनिट के नियमित संचालन, प्रसव कक्ष में सभी आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता एवं रखरखाव, प्रयोगशाला में जांच सुविधाओं को और सुदृढ़ करने आईएलआर एवं डीप फ्रीजर के नियमित निरीक्षण तथा अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।साथ ही बायो-मेडिकल वेस्ट के वैज्ञानिक एवं सुरक्षित निस्तारण पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के उपरांत पीएचसी भटवाड़ी में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), एएनएम एवं आशा सुलभकर्ताओं के साथ एएनसी, पीएनसी, शिशु एवं किशोर स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, परिवार नियोजन, वृद्धजन स्वास्थ्य सेवाएं तथा राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने, सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के लक्ष्यों को निर्धारित समय में पूरा करने तथा भारत सरकार के विभिन्न स्वास्थ्य पोर्टलों पर आंकड़ों का नियमित एवं शुद्ध अद्यतन करने के निर्देश दिए गए।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.एस. पोखरियाल ने कहा कि भारत सरकार एवं उत्तराखंड सरकार के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आमजन एवं चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों से सेवाभाव के साथ कार्य करते हुए स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी भटवाड़ी डॉ. वेद प्रकाश, जिला कार्यक्रम प्रबंधक हरदेव सिंह राणा, जिला सलाहकार ज्ञानेन्द्र पंवार, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक धनेश रमोला सहित ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधन इकाई के अधिकारी, सीएचओ, एएनएम एवं आशा सुलभकर्ता उपस्थित रहे।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड उत्तरकाशी से संपादक की रिपोर्ट।

