उत्तरकाशी।।मुख्यमंत्री धामी ने सेवा ज्योति कलश यात्रा और रामलीला मैदान में आयोजित सभा में किया प्रतिभाग।
प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा काल को किया नमन,उत्तराखंड को अग्रणी राज्य बनाने का संकल्प
विश्वनाथ-शक्ति माता कॉरिडोर की घोषणा, धौंतरी स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण का भी किया ऐलान।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को उत्तरकाशी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा ज्योति कलश यात्रा एवं सेवा ज्योति सभा का आयोजन किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा काल को नमन किया और विकसित भारत-2047 के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा जनसेवा, राष्ट्रभाव और जनकल्याण के संकल्प का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले ढाई दशक में सेवा को अपने जीवन का मिशन और राष्ट्र निर्माण को अपना संकल्प बनाया है।
काशी विश्वनाथ और शक्ति मंदिर में की पूजा-अर्चना
सेवा ज्योति सभा से पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी स्थित ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और शक्ति मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की।
उन्होंने भगवान काशी विश्वनाथ और मां शक्ति से प्रदेश की निरंतर प्रगति, सुख-समृद्धि तथा प्रदेशवासियों की खुशहाली की मंगलकामना की।
इसके बाद मुख्यमंत्री रामलीला मैदान पहुंचे,जहां उन्होंने सेवा संकल्प सभा में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में नई दिल्ली से आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके समर्पण का उल्लेख किया।
सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को बताया जन सेवा का आधार।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तरकाशी का ऐतिहासिक रामलीला मैदान प्रदेश की सांस्कृतिक चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसी स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने का अवसर मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनधन योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं से गरीब एवं वंचित वर्ग के जीवन में परिवर्तन आया है।
सरकार ने शासन को केवल सरकारी कार्यालयों और फाइलों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे जनता के द्वार तक पहुंचाने का प्रयास किया है।
मुख्यमंत्री के अनुसार,अब लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
सरकार स्वयं लोगों तक पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और उनके समाधान का प्रयास कर रही है।
प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप उत्तराखंड के विकास का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केदारनाथ की धरती से कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। राज्य सरकार इस विजन को साकार करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और राज्य सरकार के प्रयासों से प्रदेश में रेल, सड़क, उद्योग, रोजगार और पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहा है।
पहाड़ों से पलायन रोकने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने राज्य की आर्थिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुने से अधिक की वृद्धि हुई है तथा प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। उनके अनुसार, प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं।
होटल क्षेत्र में लगभग 25 प्रतिशत तथा होमस्टे की संख्या में 50 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना के माध्यम से प्रदेश की तीन लाख से अधिक माताएं एवं बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं।उनके द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों की मांग उत्तराखंड के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों में भी बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) सूचकांक में उत्तराखंड ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। प्रदेश को लगातार चार वर्षों से मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट का पुरस्कार मिलने का भी उन्होंने उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने पूर्ण साक्षर राज्य बनने की उपलब्धि भी हासिल की है।
चारधाम यात्रा ने तोड़े पुराने रिकॉर्ड
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सरल और सुव्यवस्थित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि इस वर्ष अब तक 56 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर पहुंच चुके हैं, जो पिछले सभी रिकॉर्ड से अधिक है।
उत्तरकाशी जनपद में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में 200 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 50 योजनाओं का शिलान्यास किया गया है। इनमें से 26 योजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 24 योजनाओं पर कार्य गतिमान है।
उन्होंने कहा कि जिले में विकास की यह गति आगे भी जारी रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। इसके अलावा धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून और भू-कानून सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कानून लागू किए गए हैं।
उन्होंने युवाओं के भविष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में देश के सबसे सख्त नकल-विरोधी कानूनों में से एक लागू किया गया है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, इसके बाद पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शिता और योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी मिली है।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प सभा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि भविष्य के भारत के निर्माण का संकल्प लेने का अवसर है।
विकसित भारत के संकल्प को प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों और दायित्वों में उतारना होगा।
विश्वनाथ-शक्ति माता कॉरिडोर बनाने की घोषणा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी में विश्वनाथ-शक्ति माता कॉरिडोर के निर्माण की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है और भगवान विश्वनाथ तथा शक्ति माता के दर्शन के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि कॉरिडोर के निर्माण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
धौंतरी स्वास्थ्य केंद्र का होगा उच्चीकरण
मुख्यमंत्री ने गाजणा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी के उच्चीकरण के संबंध में कहा कि इसके लिए परीक्षण कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी का नाम पूर्व विधायक स्वर्गीय गोपाल सिंह रावत के नाम पर रखा जाएगा।
भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की मांग के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है और इसकी स्वीकृति के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने डोडी ताल,अवाना बुग्याल और हरिमहाराज सौड़ बुग्याल सहित क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों को मानचित्र पर निर्धारित करने तथा इनके सौंदर्यीकरण के कार्यों को आगे बढ़ाने की बात भी कही।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार, राम सुंदर नौटियाल, जगत सिंह चौहान, श्याम डोभाल, जनानंद नौटियाल, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, केदार सिंह रावत, सूरत राम नौटियाल, मालचंद, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, शारदा राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, नवीन ठाकुर, विनोद रतूड़ी, ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार, राजदीप परमार, रणवीर सिंह महंत, ललित सेमवाल, सत्येंद्र राणा, शैलेंद्र कोहली, महावीर नेगी, परशुराम जगूड़ी और चंडी प्रसाद भट्ट सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड से संपादक की रिपोर्ट।

