उत्तराखंड।।टिहरी में जिला पंचायत निर्माण कार्य समिति की बैठक,विकास कार्यों की प्रगति पर हुई विस्तृत चर्चा।

टिहरी गढ़वाल।।जिला पंचायत सभागार टिहरी में जिला पंचायत निर्माण कार्य समिति की बैठक समिति अध्यक्ष श्री आशीष जोशी की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों, प्रस्तावित विकास कार्यों तथा कार्यों के दौरान सामने आ रही समस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र की सड़क, पुल, नाली, संपर्क मार्ग, भवन, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सदस्यों ने निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
जिला पंचायत सदस्यों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को क्षेत्र में निर्माण कार्यों के दौरान आ रही व्यावहारिक समस्याओं से अवगत कराते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाए।साथ ही जहां कार्य विभिन्न कारणों से लंबित हैं, वहां विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कर उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग श्रीनगर, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग चंबा, थत्युड़, टिहरी, भिलंगना एवं कृतिनगर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। अधिकारियों द्वारा सदस्यों द्वारा उठाए गए विषयों पर विभागीय स्थिति की जानकारी दी गई तथा आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री मान सिंह रौतेला सहित जिला पंचायत सदस्य उत्तम सिंह असवाल, विजयपाल सिंह रावत, सुनील प्रसाद जुयाल, शिशपाल सिंह सजवाण, शिशपाल सिंह राणा, अनुज शाह, जोत सिंह असवाल, धनपाल सिंह बिष्ट, दर्शनी देवी, शकुन्तला देवी, पुष्पा भट्ट, गीता देवी डबराल, विजयलक्ष्मी, सीता देवी, शैला रमोला, कविता देवी, अंजली देवी एवं गीता देवी मौजूद रहे।
इसके अलावा अपर जिला पंचायत अधिकारी गणेश भट्ट, जिला पंचायत अधिशासी अभियंता दीपेश्वर अमोला, सोहन सिंह कठैत, दिग्विजय सिंह गुनसोला सहित लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग श्रीनगर तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित जिला पंचायत एवं अन्य विभागीय निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों को गुणवत्ता एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कराना रहा। जिला पंचायत सदस्यों ने कहा कि विकास कार्यों की नियमित समीक्षा से क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान तेजी से किया जा सकेगा और ग्रामीण जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Leave a Reply

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india