उत्तराखंड।।जिले में निर्वाचन, श्रमिक कल्याण और आंगनवाड़ी व्यवस्थाओं पर प्रशासन सख्त, जिलाधिकारी टिहरी नितिका खण्डेलवाल ने दिए अहम निर्देश।

टिहरी गढ़वाल।।06 अगस्त 2026 को जनपद टिहरी गढ़वाल में गुरुवार को जिला प्रशासन की ओर से निर्वाचन कार्यों की समीक्षा, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान, श्रमिक कल्याण शिविर प्रकरण तथा आंगनवाड़ी केंद्रों के निरीक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने संबंधित अधिकारियों को पारदर्शिता, समयबद्धता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने SIR अभियान की समीक्षा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मंडलायुक्तों एवं सभी जिलाधिकारियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा की।

उन्होंने 65 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं के घर जाकर नोटिसों की सुनवाई करने तथा फार्म-6, 7 एवं 8 के तहत प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि जनपद में एसआईआर अभियान पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संचालित किया जा रहा है।प्रत्येक पात्र मतदाता के अधिकारों की रक्षा करना प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी पात्र नागरिक को अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया बूथ का निरीक्षण।

जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने विकासखंड चंबा स्थित बूथ संख्या-29 का स्थलीय निरीक्षण कर दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा पात्र युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम अनिवार्य रूप से दर्ज कराने की अपील की।

उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है।जिन मतदाताओं को नोटिस प्राप्त हुए हैं, वे घबराएं नहीं बल्कि अपने बीएलओ अथवा निर्वाचन हेल्पलाइन से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त करें।

बिना अनुमति श्रमिक कल्याण शिविर पर सख्त कार्रवाई।

उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के नाम पर बिना अनुमति आयोजित श्रमिक कल्याण शिविर के मामले में जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित निजी फर्म के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की है।

जांच रिपोर्ट के आधार पर फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की सिफारिश की गई है तथा श्रम प्रवर्तन अधिकारी का वेतन अगले आदेश तक रोकने के निर्देश दिए गए हैं।साथ ही भविष्य में ऐसे शिविर जिला प्रशासन के समन्वय एवं सक्षम प्राधिकारी की अनुमति से ही आयोजित किए जाएंगे।

नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि श्रमिकों के हितों से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी, व्यवस्थित एवं नियमों के अनुरूप पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों की शिक्षा और पोषण का लिया जायजा।

जिलाधिकारी ने चंबा स्थित सुमन कॉलोनी आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों की उपस्थिति, पोषण, स्वास्थ्य परीक्षण एवं प्रारंभिक शिक्षा की गुणवत्ता का आकलन किया।

उन्होंने बच्चों से संवाद कर अंग्रेजी वर्णमाला का अभ्यास कराया और पुस्तकों का अवलोकन किया।साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को गुणवत्तापूर्ण पोषण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा बच्चों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की पहली पाठशाला हैं।

बच्चों को बेहतर पोषण, गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सरकार और प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india