जिला,राज्य और केंद्र पोषित योजनाओं की समीक्षा में विभागवार प्रगति का लिया जायजा, हर कार्य की तय समयसीमा और गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा।
टिहरी गढ़वाल।।(सू०वि०)जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला सेक्टर, राज्य सेक्टर, केंद्र पोषित एवं केंद्र प्रायोजित योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ग्रामीण निर्माण विभाग, लोक निर्माण विभाग, प्राथमिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों में चल रहे टेंडर, ओपन टेंडर तथा निर्माणाधीन कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों से कार्यों की प्रगति और निर्धारित समयसीमा के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
ग्रामीण निर्माण विभाग की समीक्षा में बताया गया कि कीर्तिनगर एवं जौनपुर क्षेत्र में कास्टिंग वर्क में अपेक्षाकृत अधिक समय लगने की संभावना है, जबकि अन्य कार्यों को आगामी दो माह के भीतर पूर्ण किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
प्राथमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत कुल 79 नए कार्यों की जानकारी दी गई,जिनमें कई कार्य अभी प्रारंभ नहीं हुए हैं।
इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि अगली समीक्षा बैठक में प्रत्येक कार्य की डेट ऑफ स्टार्ट, निर्धारित पूर्णता तिथि और वर्तमान प्रगति की स्पष्ट जानकारी प्रस्तुत की जाए।
लोक निर्माण विभाग (PWD) को सभी लंबित कार्यों को अक्टूबर माह के प्रथम सप्ताह तक अनिवार्य रूप से शुरू करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने तथा निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी न होने देने को कहा।
वहीं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि जगधार में लैंडमार्किंग का कार्य किया जा रहा है,जबकि गंगी क्षेत्र में भूमि विवाद के कारण कार्य प्रभावित है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भूमि विवाद के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी समीक्षा बैठक में प्रत्येक कार्य की शुरुआत और पूर्णता की तारीख सहित कार्यवार अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, एसई पीडब्ल्यूडी के.एस. नेगी, जिला सांख्यिकी अधिकारी साक्षी शर्मा, अधिशासी अभियंता आरडब्ल्यूडी विशाल चौहान एवं आलोक सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग राजेंद्र टम्टा एवं आदर्श सिंह, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई बृजेश गुप्ता एवं विजयपाल कैन्तुरा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड, टिहरी गढ़वाल संपादक की रिपोर्ट।

