नई टिहरी।।टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन गुरुवार को उस समय और तेज हो गया,जब जिले के प्रभारी एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के टिहरी पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उग्र विरोध प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े पहनकर और हाथों में काले झंडे लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी,बदला गया मंत्री का रूट।
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे।
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने प्रभारी मंत्री के निर्धारित रूट में बदलाव किया और उन्हें दूसरे मार्ग से कार्यक्रम स्थल स्टेडियम पहुंचाया।
इस दौरान प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर पुलिस लाइन चंबा पहुंचाया,जहां बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।
45 दिन से जारी है धरना: कुलदीप सिंह पंवार।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह पंवार ने कहा कि टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर 16 अगस्त से धरना जारी है।
45 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद सरकार की ओर से इस विषय पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास नहीं हो जाता, तब तक यह विरोध प्रदर्शन इसी तरह जारी रहेगा।
स्वास्थ्य सुविधाओं के सुधार पर जोर।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना से स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अन्य शहरों पर निर्भरता खत्म होगी।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से शामिल नेता।
इस विरोध प्रदर्शन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह पंवार के साथ देवेन्द्र नौटियाल,आशा रावत, नवीन सेमवाल,राहुल बुटोला,जुनैद खान,अरशद, लखबीर चौहान,राजेश,इमरान खान,जमीर,मोहित रावत और सुरेश जोशी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

