दोणी के स्कूलों में एडीएम का औचक निरीक्षण, शिक्षकों की गैर हाजिरी पर सख्ती।
टिहरी गढ़वाल।।अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बुधवार को विकासखंड भिलंगना के राजकीय हाई स्कूल दोणी एवं राजकीय प्राथमिक विद्यालय दोणी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में शिक्षक उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था, छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक प्रगति और उपलब्ध संसाधनों का जायजा लिया।
राजकीय हाई स्कूल दोणी में एडीएम ने विभिन्न विद्यालयी अभिलेखों का निरीक्षण किया।
विद्यालय में पांच शिक्षक कार्यरत पाए गए, जिनमें एक शिक्षक अवकाश पर तथा एक शिक्षक राजकीय कार्य से घनसाली में होना बताया गया।
उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और विषयवार प्रश्न पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली।
विद्यालय में प्रधानाचार्य का पद रिक्त पाए जाने पर एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक पत्रावली तैयार कर रिक्त पद को भरने के लिए विभाग को भेजने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने राजकीय प्राथमिक विद्यालय दोणी का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के समय विद्यालय में कार्यरत दोनों शिक्षक अनुपस्थित मिले। कुछ समय बाद दोनों शिक्षक विद्यालय पहुंचे, जिस पर अपर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
एडीएम ने विद्यालय में कक्षाओं, शिक्षण सामग्री, उपस्थिति पंजिका, प्रवेश पंजिका और मध्यान्ह भोजन से संबंधित अभिलेखों का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और पाठ्यक्रम की समझ का भी आकलन किया।
अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना विद्यालयों की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने शिक्षकों को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त शैक्षणिक प्रयास करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी, शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रगति मिडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

