टिहरी गढ़वाल।।42वीं खतलिंग हिमालय जागरण महायात्रा का अखोड़ी से हुआ शुभारंभ।

एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी ने कहा—हिमालय और ग्लेशियरों के संरक्षण के लिए जनभागीदारी जरूरी।

टिहरी गढ़वाल।।भिलंगना क्षेत्र के राजकीय अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज अखोड़ी से 42वीं ऐतिहासिक पांचवां धाम खतलिंग हिमालय जागरण महायात्रा का विधिवत शुभारंभ हुआ।

पर्वतीय लोकविकास समिति, भिलंगना क्षेत्र विकास समिति एवं इंद्रमणि बड़ोनी साहित्य एवं कला मंच घनसाली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह महायात्रा 5 सितंबर तक विभिन्न पड़ावों से होकर चलेगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी सहित अन्य अतिथियों ने उत्तराखंड के गांधी स्वर्गीय इंद्रमणि बड़ोनी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि हिमालय केवल उत्तराखंड की पहचान नहीं, बल्कि देश के जल, पर्यावरण और जैव विविधता का महत्वपूर्ण आधार है।

ग्लेशियरों का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।

उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, ग्लेशियरों के तेजी से पिघलने और पर्यावरणीय असंतुलन को देखते हुए हिमालय संरक्षण के लिए जनभागीदारी के साथ ठोस प्रयास किए जाने आवश्यक हैं।

उन्होंने जंगलों एवं जलस्रोतों के संरक्षण, प्लास्टिक और कचरे पर नियंत्रण तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदार व्यवहार को जन अभियान का रूप देने पर जोर दिया।साथ ही युवाओं को हिमालय और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता बताई।

एडीएम ने खतलिंग हिमालय जागरण महायात्रा को हिमालय, पर्यावरण, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों को जन-जन तक पहुंचाने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से लोगों में अपनी प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की भावना मजबूत होती है।
कार्यक्रम में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और क्षेत्रीय दलों के कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।

इस दौरान उपस्थित लोगों एवं प्रतिभागियों ने हिमालय और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में इंद्रमणि बड़ोनी साहित्य एवं कला मंच घनसाली के एडवोकेट लोकेंद्र दत्त जोशी, पर्वतीय लोकविकास समिति के अध्यक्ष प्रो. सूर्य प्रकाश सेमवाल सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india