उत्तराखंड।।जिलाधिकारी टिहरी नितिका खण्डेलवाल ने जनता दरबार में सुनी जनसमस्याएं,समयबद्ध निस्तारण के निर्देश।

टिहरी गढ़वाल।।(सू०वि०)सोमवार को जिला सभागार नई टिहरी में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने जनता दरबार कार्यक्रम के तहत लोगों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना।

इस अवसर पर कुल 45 आवेदन पत्र प्राप्त हुए।

आवेदन जो प्राप्त हुए वह पेयजल, ग्राम पंचायत, लोक निर्माण विभाग, ग्राम्य विकास सहित अन्य विभागों से संबंधित रहे।

इस दौरान सीएम हेल्पलाइन एवं जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी टिहरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का समयान्तर्गत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा जिन शिकायतों का समाधान हो चुका है, उन्हें पोर्टल पर अपडेट किया जाए।

जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार परिवार रजिस्टर के सत्यापन एवं ब्लॉक स्तर पर परिवार रजिस्टर को ऑनलाइन अपडेट किए जाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

जनता दरबार में प्रतापनगर क्षेत्र के ग्राम क्यारी, थापली, सौड रौण्या निवासी राजेन्द्र प्रसाद सेमवाल द्वारा क्यारी जेवाला एवं क्यारी भेलगाड़ मोटर मार्ग निर्माण के दौरान हुए कटान का मुआवजा भुगतान किए जाने की मांग रखी गई।इस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार प्रतापनगर को जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

विकासखंड जौनपुर के रयाट गांव के निवासियों द्वारा धारगांव नामक तोक में प्रस्तावित कूड़ा निस्तारण यूनिट के नीचे पेयजल स्रोत होने के कारण यूनिट हटाने की मांग की गई।इस पर तहसीलदार धनोल्टी को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।

विकासखंड चम्बा अंतर्गत ग्राम प्रधान मंज्यूड रानी नेगी द्वारा एनएच कटान से प्रभावित मकानों की सुरक्षा हेतु सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग पर अपर जिलाधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

लोनिवि रोड, बौराड़ी निवासी नसीम द्वारा पुरानी टिहरी शहर के वार्ड संख्या 08 में दुकान होने तथा वार्ड संख्या 01 में किरायेदारी में निवासरत होने के आधार पर पुनर्वास नीति के अंतर्गत लाभ दिए जाने की मांग पर प्रभारी अधिकारी पुनर्वास को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

प्रतापनगर क्षेत्र के सुखराज द्वारा बैल्डोगी-खम्भाखाल मोटर मार्ग से मकान को खतरे की आशंका पर पैराफिट लगाए जाने की मांग पर पीएमजीएसवाई को कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

ग्राम मरोड़ा पोस्ट कोटी कॉलोनी निवासी शक्ति प्रसाद कंसवाल द्वारा शिकायत की गई कि ग्राम रिन्डोल निवासी इन्द्र दत्त रतूड़ी द्वारा कथित रूप से फर्जी भूमिहीन प्रमाण पत्र बनाकर ग्राम मरोड़ा में पट्टे की भूमि अपने नाम करवाई गई है। इस पर एसडीएम टिहरी को जांच कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने निर्देशित किया कि अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के अंतर्गत जनपद में दिनांक 20 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक सहकारी मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सभी विभागों के स्टॉल एवं गोष्ठी का आयोजन अनिवार्य रूप से किया जाए।

जनता दरबार में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एसडीएम टिहरी स्नेहिल कुंवर, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, डीडीओ मो. असलम सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

संपादक सुनील जुयाल की रिपोर्ट।

Leave a Reply

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india