टिहरी गढ़वाल।।प्रकृति और रोमांच से भरपूर ट्रैकिंग—दैंतखाल से पीढ़ी तक 8 किमी पैदल ट्रैक का सफल आयोजन।

(सूचना विभाग टिहरी)टिहरी झील महोत्सव में साहसिक गतिविधि: 59 प्रतिभागियों ने पूरा किया 8 किमी पैदल ट्रैक।

टिहरी झील महोत्सव–2026 के दूसरे दिन के निर्धारित कार्यक्रमों के अंतर्गत प्रतापनगर क्षेत्र में दैंतखाल से पीढ़ी तक लगभग 8 किलोमीटर (आना–जाना) का पैदल ट्रैक सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

यह ट्रैक प्राकृतिक सौंदर्य और रोमांच से भरपूर रहा, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस ट्रैकिंग कार्यक्रम में कुल 59 सदस्यों के दल ने प्रतिभाग किया। सभी प्रतिभागियों ने निर्धारित मार्ग को सफलतापूर्वक पूरा करते हुए सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक वापसी की।

ट्रैकिंग के दौरान प्रतिभागियों को मार्ग में घने वनों की हरियाली, मनमोहक प्राकृतिक दृश्य तथा हिमालय की विहंगम पर्वत श्रृंखलाओं के आकर्षक दर्शन हुए, जिससे ट्रैकिंग का अनुभव और भी यादगार बन गया।

प्रतिभागियों ने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन पर्यटन तथा साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस ट्रैकिंग कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी देवी, ग्राम प्रधान गम्भीर सिंह, आरती देवी सहित अन्य प्रतिभागियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

टिहरी लेक फेस्टिवल के अंतर्गत आयोजित इस प्रकार की साहसिक गतिविधियों का उद्देश्य जनपद की प्राकृतिक धरोहर, पर्यटन संभावनाओं तथा साहसिक पर्यटन को प्रोत्साहित करना है, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक टिहरी गढ़वाल की ओर आकर्षित हों।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड से संपादक सुनील जुयाल की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india