नई टिहरी।।(सू०वि०) जिला सभागार में सोमवार को आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपदवासियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना।
कार्यक्रम में कुल 60 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पेयजल, पुनर्वास, मुआवजा, पेंशन एवं अन्य जनहित से जुड़े मामलों पर सुनवाई की गई।
जनता दरबार के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन एवं जन समर्पण पोर्टल पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से पेंशन प्रकरणों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी देते हुए कहा कि ढिलाई पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में तहसील धनोल्टी के रगड़ गांव स्थित सौंग बांध प्रभावित एवं विस्थापित विकास समिति के अध्यक्ष रविन्द्र सिंह एवं सचिव बलबीर सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने सौंग बांध परियोजना से प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों को पूर्ण मुआवजा, पुनर्वास तथा अन्य देय लाभ उपलब्ध कराने की मांग उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
नगर पालिका परिषद चम्बा के सभासद शक्ति प्रसाद जोशी ने चम्बा क्षेत्र की पुरानी टिहरी रोड, ऋषिकेश रोड एवं धरासू रोड की जर्जर स्थिति को दुरुस्त कराने की मांग की।जिलाधिकारी ने इस संबंध में एनएच एवं बीआरओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चम्बा के मुख्य गेट के समीप तथा शिव मंदिर मोड़ से मसूरी रोड को जोड़ने वाले मार्ग पर इंटरलॉक टाइल्स एवं सड़क की खराब स्थिति को लेकर लोक निर्माण विभाग चम्बा को भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
तहसील जाखणीधार के ग्राम गराकोट की प्रधान रीना देवी ने जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत कई घरों में पेयजल कनेक्शन न होने की समस्या उठाई, जिस पर ईई जल निगम चम्बा को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार तहसील कण्डीसौड़ निवासी कौशा देवी ने ऑल वेदर रोड परियोजना में मकान एवं दुकान अधिग्रहित होने के बावजूद मुआवजा न मिलने की शिकायत दर्ज कराई।जिलाधिकारी ने बीआरओ एवं एसएलएओ को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत बागी की सदस्य दर्शनी रावत ने रानीचौरी-नकोट मोटर मार्ग निर्माण के कारण बादशाहीथौल-रानीचौरी पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त होने तथा भैतोंगी सेरा से बौराडी तक बिछाई गई राइजिंग लाइन कई स्थानों पर खुले में होने से ग्रामीणों एवं पशुपालकों को हो रही परेशानियों का मामला उठाया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई कर समस्या समाधान के निर्देश दिए।
जनता दरबार में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, एडीएम शैलेंद्र नेगी, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

