उत्तरकाशी।।सीएमओ डॉ.श्याम विजय ने यमुना घाटी के अस्पतालों का किया व्यापक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती, सभी प्रसव केंद्र होंगे सुदृढ़।

उत्तरकाशी।।जनपद में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए सभी प्रसव केंद्रों को चरणबद्ध रूप से मजबूत किया जाएगा।

प्रसव केंद्रों में तैनात चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों एवं अन्य स्वास्थ्य कार्मिकों को उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण देकर सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रसव सेवाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

नवनियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने मंगलवार से यमुना घाटी के विभिन्न चिकित्सालयों का दो दिवसीय व्यापक भ्रमण एवं औचक निरीक्षण किया।

उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़कोट, सीएचसी नौगांव, उपजिला चिकित्सालय पुरोला तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं चिकित्सालयों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान ओपीडी, आकस्मिक कक्ष, जनरल वार्ड, पैथोलॉजी लैब, उपस्थिति पंजिका सहित विभिन्न अभिलेखों की जांच की गई। सीएमओ ने भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से भी संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और व्यवस्थाओं को लेकर उनका फीडबैक प्राप्त किया।

जर्जर भवनों की मरम्मत में तेजी के निर्देश

सीएचसी मोरी के जर्जर भवनों की मरम्मत तथा आवश्यकता के अनुसार नए भवन निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई।

सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में तेजी लाते हुए इन्हें समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

वहीं, उपजिला चिकित्सालय पुरोला में निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण करते हुए कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखते हुए कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।

अस्पतालों में चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों की होगी नियुक्ति

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने के लिए पर्याप्त मानव संसाधन बेहद जरूरी है।इसी के मद्देनजर चिकित्सालयों में आउटसोर्स के माध्यम से चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों की अतिशीघ्र नियुक्ति की जाएगी। इससे अस्पतालों की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।

सीएमओ ने ब्लॉक मोरी में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में भी प्रतिभाग किया और आमजन को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

हर मरीज को समयबद्ध और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवा प्राथमिकता

सीएमओ डॉ. श्याम विजय ने सभी अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कार्मिकों को निर्देशित किया कि चिकित्सालय में आने वाले प्रत्येक मरीज को समयबद्ध, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने विशेष रूप से प्रसव सेवाओं में गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य कार्मिकों को आवश्यक प्रशिक्षण देने पर जोर दिया।

उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को चिकित्सालयों में जीवनरक्षक औषधियों की पर्याप्त उपलब्धता तथा चिकित्सकों एवं अन्य स्टाफ की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

इस दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी यमुना घाटी डॉ. आर.सी. आर्य, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. पांगती, डॉ. मुकेश राय, यमुना घाटी के चिकित्सा अधीक्षक एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं स्वास्थ्य कार्मिक मौजूद रहे।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india