गजा।।उत्तराखंड सरकार की मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत शुक्रवार को गजा क्षेत्र से 31 बुजुर्ग श्रद्धालुओं को प्रसिद्ध श्री जागेश्वर धाम की तीर्थ यात्रा के लिए रवाना किया गया।
जिला पंचायत सदस्य ताजवीर खाती ने तीर्थ यात्रियों की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और सभी यात्रियों को सुखद, मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोवत सिंह राणा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना सरकार की सराहनीय एवं जनकल्याणकारी पहल है।
योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर तथा स्वयं तीर्थ यात्रा करने में असमर्थ बुजुर्गों को प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग की ओर से यात्रियों के लिए आवागमन,भोजन और आवास सहित आवश्यक व्यवस्थाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।
योजना का उद्देश्य बुजुर्गों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक तीर्थ यात्रा उपलब्ध कराना है।
जिला पंचायत सदस्य ताजवीर खाती ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं।उनके जीवन के इस पड़ाव पर तीर्थ एवं धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने की पहल सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाती है।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित यात्रा की कामना की।
कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य कविता देवी, ग्राम प्रधान अनीता देवी, जयेंद्र सिंह चौहान, पर्यटन विभाग से दर्शन सिंह पंवार, विपिन चौहान, दरमियान नेगी, सभासद जसवंत सिंह चौहान, जबर सिंह नेगी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

