टिहरी गढ़वाल।।छाम/कण्डीसौड़ में गूंजा तिरंगा और देश भक्ति का जज्बा, 200 लोगों ने क्रॉस-कंट्री दौड़ व तिरंगा यात्रा में लिया हिस्सा।

कण्डीसौड़।।स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे स्वतंत्रता दिवस पखवाड़ा के तहत 14 अगस्त 2026 को थाना छाम पुलिस की ओर से भव्य क्रॉस-कंट्री दौड़ एवं तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन एवं युवाओं को नशा मुक्त भारत अभियान, साइबर अपराध मुक्त उत्तराखंड अभियान एवं गौरा शक्ति अभियान के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम में क्षेत्र के करीब 500 छात्र-छात्राओं, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न सरकारी विभागों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

क्रॉस-कंट्री दौड़ के बाद कड़ी बाजार में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।

हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

थानाध्यक्ष ने नशामुक्ति और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी।

कार्यक्रम के दौरान थानाध्यक्ष छाम ने अपने संबोधन में युवाओं एवं क्षेत्रवासियों को नशे के दुष्प्रभावों और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया।

उन्होंने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने के साथ परिवार और समाज के लिए भी गंभीर चुनौती है।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।

उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक खाते की जानकारी, ATM/डेबिट कार्ड विवरण, पासवर्ड अथवा निजी जानकारी साझा न करें।

फर्जी फोन कॉल, लिंक, KYC और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की अपील की गई।

उन्होंने कहा कि साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई में सहयोग करें।

ब्लॉक प्रमुख ने युवाओं से नशे से दूर रहने का किया आह्वान।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख थौलधार सुरेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि युवाओं को नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

खेल एवं जागरूकता से जुड़े ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का बेहतर माध्यम हैं।

उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल और स्वरोजगार के माध्यम से अपना भविष्य मजबूत बनाने तथा समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

जिला पंचायत सदस्य ने कहा—युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत।

जिला पंचायत सदस्य सुनील प्रसाद जुयाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है, इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखते हुए उन्हें शिक्षा, खेल, तकनीकी ज्ञान और रोजगार के अवसरों से जोड़ना आवश्यक है।

उन्होंने थाना छाम पुलिस की पहल की सराहना करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज, साइबर अपराध से सुरक्षा और महिला सम्मान के लिए पुलिस के साथ आमजन की भागीदारी भी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का संदेश केवल एक दिन तक सीमित न रहे, बल्कि हम सभी देश और समाजहित में जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

प्रधान बगोन ने पुलिस की पहल को बताया सराहनीय

ग्राम प्रधान बगोन बेल सिंह चौहान ने कहा कि थाना छाम पुलिस द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सराहनीय पहल है।

ग्रामीणों, युवाओं और बच्चों को एक मंच पर जोड़कर नशा, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक करना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से पुलिस एवं प्रशासन के अभियानों में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की।

दौड़ के विजेताओं को किया पुरस्कृत

क्रॉस-कंट्री दौड़ के विभिन्न वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं, सरकारी कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, विभिन्न सरकारी विभागों के कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया।

स्थानीय लोगों ने थाना छाम पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ ही सामाजिक जागरूकता, नशामुक्ति, महिला सुरक्षा और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पूर्व आयोजित इस भव्य आयोजन ने छाम क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

तिरंगे की शान के साथ युवाओं ने नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा, महिला सम्मान और राष्ट्रहित में एकजुट होकर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।

इस कार्यक्रम में थौलधार ब्लाक के सभी सरकारी गैर सरकारी कर्मचारियों एवं संस्थानों ने प्रतिभाग किया।

इस मौके पर प्रधान कण्डीसौड़ सुमन सिंह गुसाईं, व्यापार मंडल अध्यक्ष कण्डीसौड़ सुमेर सिंह पंवार, प्रधान धरवालगांव सुमेरी देवी बिष्ट,तिखोन विनोद सिंह राणा,खमोली अनिल बधानी, प्रधान सांकरी परशुराम लेखवार, क्षेत्र पंचायत सदस्य तिखोन नत्थीलाल,भारत बिष्ट, सीएमएस डॉ मयंक रमोला,उप निरीक्षक मनवीर सिंह चौहान,जीआईसी कण्डीसौड़, सरस्वती शिशु मंदिर कण्डीसौड़,विधा मंदिर कण्डीसौड़, जीआईसी मैण्डखाल,थौलधार, एवं अन्य विद्यालयों के छात्र छात्राएं व अन्य ग्रामीण युवा व उप निरीक्षक शिव शंकर लाल,उप निरीक्षक दीपक रावत,अपर उप निरीक्षक अमृता, हेड कांस्टेबल कुंवर वीर ,धर्मेंद्र ,भगवान सिंह कांस्टेबल मुकेश भट्ट ,मुकेश चमोली,अनूप भट्ट,रोहित,विपिन,असद,साक्षी, अमरेंद्र,अवध नारायण,अमरेश रावत, विनीता देवी, गोपाल एवं होमगार्ड व पीआरडी के जवान व ग्राम प्रहरी, व्यापार मंडल के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता स्थानीय जनप्रतिनिधि व मिडिया कर्मी मौजूद रहे।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india