टिहरी गढ़वाल।।गांव-गांव सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सक्रिय हुई छाम थाना पुलिस,ग्राम प्रहरियों की बैठक आयोजित

कण्डीसौड़।। 01 अगस्त को क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा ग्रामीण स्तर पर पुलिस और ग्राम प्रहरियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से थाना छाम पुलिस द्वारा शनिवार को थाना परिसर में ग्राम प्रहरियों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में थाना प्रभारी द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम, महिला सुरक्षा, नशा उन्मूलन अभियान तथा आगामी त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में थाना प्रभारी ने ग्राम प्रहरियों को साइबर ठगी के बढ़ते मामलों से सतर्क रहने और ग्रामीणों को जागरूक करने के निर्देश दिए।साथ ही महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या अन्य आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने का आग्रह किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने नशा उन्मूलन अभियान को जन आंदोलन का रूप देने की अपील करते हुए ग्राम प्रहरियों से अपने-अपने क्षेत्रों में नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने तथा नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी सूचना को गोपनीय रूप से पुलिस तक पहुंचाने को कहा।

बैठक में आगामी त्योहारों एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों पर विश्वास न करने, सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेशों से बचने तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना समय रहते मिलने पर प्रभावी कार्रवाई कर अपराधों पर अंकुश लगाया जा सकता है।

थाना प्रभारी ने ग्राम प्रहरियों से पुलिस के साथ नियमित संवाद बनाए रखने,गांवों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा जनहित से जुड़ी सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरी पुलिस और ग्रामीणों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जिनकी सक्रियता से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलता है।

अंत में थाना छाम पुलिस ने आमजन से भी अपील की कि साइबर ठगी, महिला उत्पीड़न, नशे से जुड़ी गतिविधियों अथवा किसी भी संदिग्ध घटना की जानकारी बिना देर किए पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना छाम पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india