देशभक्ति के रंग में रंगा जनपद, शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन।
टिहरी गढ़वाल।।(सू०वि०)जनपद टिहरी गढ़वाल में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ धूमधाम से मनाया गया।
जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विभिन्न सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं संस्थानों में राष्ट्रध्वज फहराया गया और राष्ट्रगान व राष्ट्रगीत के माध्यम से देश के वीर सपूतों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
प्रताप इंटर कॉलेज टिहरी में आयोजित जनपद के मुख्य समारोह में कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के नारों और भारत माता की जय के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने टिहरी के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर उत्तराखंड आंदोलन और विस्थापन जैसे विभिन्न दौर में टिहरी की जनता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने जनपद के विकास में आमजन से सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि उत्तराखंड वीर सैनिकों की भूमि है।
देश आज हर चुनौती का मजबूती से सामना करने में सक्षम है।
उन्होंने युवाओं एवं विद्यार्थियों से देश के गौरवशाली इतिहास को जानने और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विधायक किशोर उपाध्याय ने श्रीदेव सुमन, मोलू भरदारी सहित विभिन्न आंदोलनकारियों को स्मरण करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश और प्रदेश को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि टिहरी को स्वच्छ, सुंदर और विकसित पर्यटन नगरी के रूप में आगे बढ़ाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि सशक्त जिला ही सशक्त प्रदेश और सशक्त प्रदेश से सशक्त राष्ट्र का निर्माण करता है।
स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान
मुख्य समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों एवं उत्तराखंड आंदोलनकारियों के परिजनों को सम्मानित किया गया।
इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया।
उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया।
समारोह के दौरान श्रम विभाग द्वारा लाभार्थियों को किट वितरित की गई।
वहीं कृषि विभाग की फार्म मशीनरी बैंक योजना के अंतर्गत नरसिंह देवता उत्पादक समूह, ग्राम ग्वाड़ सारत्यूला को चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की सचल हेल्थ चेकअप चिकित्सा वैन का शुभारंभ एवं निरीक्षण भी किया गया।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रभारी मंत्री एवं अन्य अतिथियों ने पीआईसी परिसर में बुरांश का पौधा रोपित किया।इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर विभागीय योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी ली गई।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, अनुसूचित जाति आयोग सदस्य सुनीता देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरा टिहरी जनपद तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया।जगह-जगह राष्ट्रभक्ति के गीत, भारत माता के जयकारे और तिरंगे के साथ लोगों का उत्साह देश के प्रति उनके गौरव और सम्मान को प्रदर्शित करता रहा।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

