टिहरी गढ़वाल।।छाम-मैण्डखाल,कण्डीसौड़ क्षेत्र में देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस।

टैक्सी यूनियन, बंगियाल, बान्डा, मैण्डखाल,कण्डीसौड़ एवं कौशल में आयोजित कार्यक्रमों में जिला पंचायत सदस्य सुनील प्रसाद जुयाल ने की शिरकत।

छाम-मैण्डखाल।। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छाम-मैण्डखाल क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिला पंचायत सदस्य सुनील प्रसाद जुयाल ने क्षेत्र के विभिन्न कार्यक्रमों में अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत कर ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं सम्मान समारोह में सहभागिता की तथा क्षेत्रवासियों एवं विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

छाम-मैण्डखाल टैक्सी यूनियन में संयुक्त रूप से किया ध्वजारोहण।

छाम-मैण्डखाल टैक्सी यूनियन में जिला पंचायत सदस्य सुनील प्रसाद जुयाल एवं टैक्सी यूनियन अध्यक्ष करण सिंह भंडारी ने यूनियन के समस्त स्टाफ एवं पदाधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया।

राष्ट्रगान के बाद भारत माता के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा।

इस अवसर पर सुनील प्रसाद जुयाल ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में टैक्सी चालक आमजन की यात्रा व्यवस्था की महत्वपूर्ण रीढ़ हैं।

गांवों से बाजार, अस्पताल, विद्यालय एवं अन्य स्थानों तक लोगों को पहुंचाने में टैक्सी चालक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने वाहन चालकों से सुरक्षित यातायात, यातायात नियमों के पालन एवं यात्रियों के साथ बेहतर व्यवहार को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक सम्मान तभी होगा, जब हम अपने-अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

जीआईसी बंगियाल में विशिष्ट अतिथि के रूप में की शिरकत।

इसके बाद राजकीय इंटर कॉलेज बंगियाल में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में सुनील प्रसाद जुयाल ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री श्री मुलायम सिंह रावत रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख थौलधार श्री सुरेंद्र सिंह भंडारी एवं जिला पंचायत सदस्य श्री राजेंद्र सिंह रांगड़ सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का माला एवं बुके भेंट कर स्वागत किया गया तथा प्रधानाचार्य श्री मनोज चौहान द्वारा शाल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में सुनील प्रसाद जुयाल ने कहा कि देश का भविष्य आज विद्यालयों में तैयार हो रहा है।

विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहकर अनुशासन, संस्कार, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हमारे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।

आवश्यकता है उन्हें सही मार्गदर्शन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की।

उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

जीआईसी बान्डा में अतिथि के रूप में की शिरकत।

राजकीय इंटर कॉलेज बान्डा में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में भी जिला पंचायत सदस्य सुनील प्रसाद जुयाल ने अतिथि के रूप में शिरकत की।

विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं एवं क्षेत्रीय लोगों ने उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में सुनील प्रसाद जुयाल ने कहा कि आजादी के बाद देश ने शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और विकास के क्षेत्र में लंबी यात्रा तय की है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की जिम्मेदारी अभी भी हम सभी की है।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आपके हाथों में किताब है और आपके सामने अवसरों की पूरी दुनिया है।इसलिए अपने गांव और क्षेत्र का नाम रोशन करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ें।

उन्होंने विद्यार्थियों को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने तथा शिक्षा और खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों से भी बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।

पीएमश्री जीआईसी मैण्डखाल में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान।

पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज मैण्डखाल में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में सुनील प्रसाद जुयाल ने अतिथि के रूप में शिरकत की। विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया तथा छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण श्री रणवीर सिंह भंडारी द्वारा अपनी माता स्वर्गीय श्रीमती सतु देवी की पुण्य स्मृति में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छह मेधावी छात्र-छात्राओं को नकद धनराशि एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित करना रहा।

इस अवसर पर सुनील प्रसाद जुयाल ने कहा कि प्रतिभा को प्रोत्साहन देने की यह पहल समाज के लिए अनुकरणीय है।

उन्होंने कहा कि किसी विद्यार्थी की सफलता केवल उसके परिवार की नहीं,बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र की उपलब्धि होती है।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आज सम्मान पाने वाले बच्चों को देखकर दूसरे विद्यार्थी भी प्रेरणा लें और आने वाले समय में इससे भी बेहतर परिणाम देने का प्रयास करें।

उन्होंने श्री रणवीर सिंह भंडारी द्वारा अपनी माता की स्मृति में किए जा रहे इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि समाज में ऐसे सकारात्मक कार्यों की परंपरा आगे बढ़नी चाहिए।

कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय कौशल में बालिकाओं को किया प्रेरित।

कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय कौशल में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में भी सुनील प्रसाद जुयाल ने अतिथि के रूप में शिरकत की।

उन्होंने छात्राओं एवं विद्यालय परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज की बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से पीछे नहीं हैं। शिक्षा के माध्यम से बेटियां अपने परिवार के साथ-साथ पूरे समाज को आगे बढ़ाने की क्षमता रखती हैं।

उन्होंने छात्राओं से कहा कि अपने सपनों को छोटा न समझें, लक्ष्य बड़ा रखें और मेहनत के साथ आगे बढ़ें।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्र की बेटियों को बेहतर शिक्षा और अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने,अनुशासन बनाए रखने तथा अपने माता-पिता एवं विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

हर आयोजन में गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश

क्षेत्र के सभी कार्यक्रमों में भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के जयघोष से वातावरण देशभक्ति से सराबोर रहा।

विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, वहीं टैक्सी यूनियन में वाहन चालकों एवं पदाधिकारियों ने राष्ट्रध्वज को नमन किया।

इन कार्यक्रमों में विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधि, टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी,अभिभावक, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

जिला पंचायत सदस्य सुनील प्रसाद जुयाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें केवल अपने वीर शहीदों को याद करने का अवसर नहीं देता, बल्कि यह भी याद दिलाता है कि समाज और राष्ट्र के प्रति हमारी अपनी जिम्मेदारियां क्या हैं।

शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क, स्वच्छता और पलायन जैसी स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए हम सभी को मिलकर आगे आना होगा।

उन्होंने कहा कि गांव मजबूत होंगे तो प्रदेश मजबूत होगा और प्रदेश मजबूत होगा तो देश और अधिक मजबूत बनेगा।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india