कण्डीसौड़/कौशल।। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय कौशल में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सुनील प्रसाद जुयाल मुख्य अतिथि, प्रधान प्रतिनिधि कौशल सोबत सिंह भंडारी, उपप्रधान विजयपाल सिंह भंडारी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।इसके बाद बालिकाओं ने मां सरस्वती की वंदना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत की।
कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने देशभक्ति, संस्कृति एवं सामाजिक संदेशों से जुड़े विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उनकी शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी थौलधार हिमांशु श्रीवास्तव ने कहा कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में रहने वाली बालिकाएं अनुशासन के साथ अपनी पढ़ाई, ट्यूशन, भोजन एवं खेल गतिविधियों के लिए निर्धारित समय-सारणी का पालन करती हैं। उन्होंने विद्यालय के स्टाफ की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि सभी कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी के साथ बालिकाओं की देखरेख एवं सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि छात्रावास में रहकर मैण्डखाल में पठन-पाठन करने वाली बालिकाओं के लिए वाहन सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।साथ ही विद्यालय में बेहतर शिक्षा के लिए स्मार्ट क्लास की सुविधा विकसित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
श्री श्रीवास्तव ने कहा कि बालिकाओं के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए समाज के सभी लोगों को विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कई बालिकाएं 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उच्च शिक्षा के लिए उचित हॉस्टल सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण आगे की पढ़ाई जारी नहीं रख पाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी बालिकाओं को उच्च शिक्षा से जोड़ने के लिए वह प्रयासरत हैं और इस कार्य में जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षकों के सहयोग की अपेक्षा है।
विद्यालय की प्रधानाचार्य संध्या बागड़ी ने बताया कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में टिहरी गढ़वाल के साथ-साथ ऋषिकेश, देहरादून, उत्तरकाशी, हरिद्वार सहित अन्य क्षेत्रों की लगभग 130 बालिकाएं अध्ययनरत हैं। उन्होंने कहा कि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय सरकार की एक महत्वपूर्ण एवं अच्छी योजना है, जिसके माध्यम से बालिकाओं को शिक्षा के साथ सुरक्षित आवासीय वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में बालिकाओं को धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों, खेल, विभिन्न विषयों की ट्यूशन, सुरक्षा, छात्रवृत्ति, पौष्टिक भोजन सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
उन्होंने क्षेत्रीय अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बालिकाओं का विद्यालय में निःसंकोच प्रवेश कराएं।
उन्होंने कहा यहां पर विद्यालय की ओर से बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं देखरेख की पूरी जिम्मेदारी निभाई जाती है।
प्रधान प्रतिनिधि कौशल सोबत सिंह भंडारी ने भी क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपनी बालिकाओं का कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय कौशल में अधिक से अधिक प्रवेश करवाएं और सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठाएं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रतिशत प्राप्त करने वाली छात्राओं को मुख्य अतिथि, खण्ड शिक्षा अधिकारी एवं अन्य अतिथियों द्वारा मोमेंटो व मेडल देकर सम्मानित किया गया।
अतिथियों ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सुनील प्रसाद जुयाल ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा समाज और क्षेत्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है।
उन्होंने कहा कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय दूर-दराज के क्षेत्रों की बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का अवसर प्रदान कर रहा है।
उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं बालिकाओं की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि बेटियों की शिक्षा के लिए हरसंभव सहयोग किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन कु०रानी ने किया।
इस अवसर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी थौलधार हिमांशु श्रीवास्तव, प्रधान प्रतिनिधि कौशल सोबत सिंह भंडारी, उपप्रधान विजयपाल सिंह भंडारी, प्रदीप चौधरी, प्रधानाचार्य संध्या बागड़ी, सुनंदा थपलियाल, ममता असवाल, बबीता राणा, रेखा भंडारी, पुष्पा राणा, सुशीला भंडारी, सुषमा भंडारी, कविता भंडारी, ममता भंडारी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

