पत्रकार कल्याण कोष, सामाजिक सुरक्षा, सम्मान और निष्पक्ष पत्रकारिता को लेकर संगठन ने सौंपी जिम्मेदारियां।
देहरादून।।पत्रकारों के हितों की रक्षा, पत्रकारिता की गरिमा एवं स्वतंत्रता को मजबूत करने तथा पत्रकार कल्याण से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के उद्देश्य से वॉयस ऑफ मीडिया ने उत्तराखंड प्रदेश संगठन का गठन किया है। संगठन की प्रदेश कार्यकारिणी में पत्रकारों को विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
नवगठित प्रदेश संगठन का मुख्य उद्देश्य प्रदेशभर के पत्रकारों को एक मजबूत मंच उपलब्ध कराना, पत्रकारों की समस्याओं को संगठित रूप से उठाना, पत्रकारों के लिए पत्रकार कल्याण कोष, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा, आवास, पेंशन और अन्य कल्याणकारी सुविधाओं के लिए प्रभावी पैरवी करना तथा पत्रकारिता में निष्पक्षता, पारदर्शिता और जनसरोकारों को प्राथमिकता देना है।
नई प्रदेश कार्यकारिणी।
संगठन में वेणीराम उनियाल को प्रदेशाध्यक्ष, दिनेश पाल गुसाईं को नार्थ जोन अध्यक्ष तथा जीवन सिंह बिष्ट को साऊथ जोन अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं गब्बर सिंह, ओम प्रकाश केदार खंडी, लता केसी एवं बीर सिंह राणा को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।
दिनेश सिंह पंवार को महासचिव, गौरव कालोनी को सहसचिव तथा सुनील जुयाल को प्रदेश कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा पवन बाटला एवं वीरेन्द्र सिंह राणा को कार्यकारी सहायक, पूनम बढ़ियार, गुलाब सिंह नेगी, अंकित तिवारी एवं मुरार कंडारी को संगठक, प्रदीप कुमार को प्रवक्ता तथा अनिल कुमार को जनसंपर्क प्रमुख बनाया गया है।
अमर थापा, रंजना गुसाईं एवं प्रियंका रावत को प्रदेश कार्यकारिणी में सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पत्रकारों के हितों को लेकर पदाधिकारियों ने रखे विचार
प्रदेशाध्यक्ष वेणीराम उनियाल ने कहा कि वॉयस ऑफ मीडिया पत्रकारों के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के लिए पूरी मजबूती के साथ कार्य करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के साथ ही पत्रकार कल्याण कोष के गठन तथा पत्रकारों के लिए सामाजिक सुरक्षा की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।
उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और जनहित की पत्रकारिता को मजबूत करना संगठन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
नार्थ जोन अध्यक्ष दिनेश पाल गुसाईं ने कहा कि पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में काम करने वाले पत्रकारों के सामने कई तरह की चुनौतियां रहती हैं। ऐसे पत्रकारों की समस्याओं को संगठन प्राथमिकता के साथ उठाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक पत्रकार को एक मजबूत मंच और सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए संगठन पूरी सक्रियता से काम करेगा।
साऊथ जोन अध्यक्ष जीवन सिंह बिष्ट ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं।
पत्रकारों के अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिए पत्रकारों में एकजुटता जरूरी है।
उन्होंने कहा कि संगठन को प्रदेश के हर क्षेत्र तक पहुंचाते हुए पत्रकारों के बीच सहयोग, समन्वय और भाईचारे को मजबूत किया जाएगा।
महासचिव दिनेश सिंह पंवार ने कहा कि संगठन केवल पदों तक सीमित न रहकर पत्रकारों की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए धरातल पर काम करेगा।
पत्रकारों के प्रशिक्षण, कल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा, मान्यता से जुड़े विषयों और छोटे एवं क्षेत्रीय समाचार संस्थानों से जुड़े पत्रकारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
संगठक पूनम बढ़ियार ने कहा कि वॉयस ऑफ मीडिया का उद्देश्य पत्रकारों को केवल संगठन से जोड़ना नहीं, बल्कि पत्रकारिता की गरिमा और जन विश्वास को मजबूत करना भी है। उन्होंने कहा कि महिला पत्रकारों सहित प्रदेश के सभी पत्रकारों को संगठन से जोड़कर एक सशक्त, सकारात्मक और सहयोगात्मक वातावरण तैयार किया जाएगा।
प्रवक्ता ने कहा कि पत्रकारों की आवाज को शासन तक पहुंचाने का संकल्प
वर्तमान समय में पत्रकारिता के सामने आर्थिक असुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, बीमा, आवास, मान्यता और रोजगार से जुड़ी अनेक चुनौतियां हैं।
उन्होंने कहा कि खासकर ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकार सीमित संसाधनों के बावजूद जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
वॉयस ऑफ मीडिया की नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी ने संकल्प लिया है कि पत्रकारों की ऐसी समस्याओं को मजबूती से उठाया जाएगा और पत्रकार कल्याण कोष सहित पत्रकार हितों से जुड़े विषयों पर सरकार के समक्ष प्रभावी पैरवी की जाएगी।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि निष्पक्ष पत्रकारिता, पत्रकारों की एकता और जन सरोकारों की आवाज को मजबूत करना वॉयस ऑफ मीडिया की प्राथमिकता रहेगी।
संगठन उत्तराखंड के प्रत्येक जिले और दूरस्थ क्षेत्र के पत्रकारों को एक मंच पर लाकर पत्रकार हितों के लिए संगठित एवं सकारात्मक संघर्ष को आगे बढ़ाएगा।
नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी से पत्रकारों में नई उम्मीद जगी है और माना जा रहा है कि संगठन आने वाले समय में पत्रकार कल्याण एवं पत्रकारिता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रदेश में प्रभावी भूमिका निभाएगा।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड से संपादक की रिपोर्ट।

