उत्तरकाशी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय के दिशा-निर्देशन में बुधवार को अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.एस. पोखरियाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डुण्डा का स्थलीय निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और उपलब्ध सेवाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीएचसी चिन्यालीसौड़ में नवनिर्मित ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) का भी निरीक्षण किया गया।
एसीएमओ ने बताया कि यूनिट के लिए आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की आपूर्ति पूरी हो चुकी है।
उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन पंचोला को एक सप्ताह के भीतर BPHU को पूर्ण रूप से क्रियाशील करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ शीघ्र मिल सके।
एसीएमओ ने अस्पताल के ओपीडी, आकस्मिक कक्ष, टीकाकरण कक्ष, वार्ड, साफ-सफाई व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता, उपस्थिति पंजिका, ओपीडी रजिस्टर एवं चिकित्सा उपकरणों का निरीक्षण किया।
उन्होंने भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया।
इसके बाद पीएचसी डुण्डा का निरीक्षण कर ओपीडी, आकस्मिक सेवाओं, टीकाकरण कक्ष, वार्ड, साफ-सफाई, दवाओं एवं चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने तथा मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
एसीएमओ ने दोनों स्वास्थ्य संस्थानों में साफ-सफाई, आवश्यक दवाओं एवं उपकरणों की उपलब्धता, मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी चिन्यालीसौड़ डॉ. नवीन पंचोला, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डुण्डा डॉ.आनन्दपाल सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम हरदेव राणा सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड से संपादक की रिपोर्ट।

