टिहरी गढ़वाल।।(सू०वि०)राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को जनपद टिहरी गढ़वाल में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सामाजिक संस्थाओं में दोनों महापुरुषों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया।
कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी दोनों महापुरुषों को नमन किया।
कार्यक्रम में महात्मा गांधी के प्रिय भजन ‘रामधुन’ का गायन किया गया। जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अहिंसा दिवस की शपथ भी दिलाई।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को जीवन का आधार बनाकर देश और दुनिया को नई राह दिखाई। उनका स्वच्छता का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है।
उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी और दृढ़ संकल्प देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।उनका ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश आज भी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों को केवल जयंती के अवसर पर याद करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके विचारों एवं आदर्शों को व्यवहार में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस दौरान उन्होंने दोनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर भी प्रकाश डाला।
अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि गांधी जी का जीवन सत्य, अहिंसा, करुणा, सेवा और स्वच्छता का संदेश देता है।
वहीं लाल बहादुर शास्त्री जी का सादा जीवन, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणा है।
उन्होंने युवाओं से दोनों महापुरुषों के विचारों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
जनपदभर में चले स्वच्छता अभियान
गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर टिहरी जनपद की विभिन्न तहसीलों, विकासखंडों, सरकारी कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक एवं अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से दोनों महापुरुषों के जीवन और योगदान को याद किया।
इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान भी चलाए गए, जिसमें अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिकों ने भागीदारी की। कार्यक्रमों के माध्यम से सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सेवा, सादगी और अनुशासन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वैयक्तिक अधिकारी चंदन शाह, आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी धीरेन्द्र पुण्डीर, केशव गैरोला, अजयपाल नेगी,खेमचंद कुमाईं सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

