टिहरी गढ़वाल।।विकासखंड थौलधार के युवा सुरेंद्र कुमांई भारतीय नेटबॉल टीम के मैनेजर बनकर हांगकांग रवाना।

उत्तराखंड के खेल जगत के लिए गौरव का क्षण है।

थौलधार।।उत्तराखंड नेटबॉल एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी सुरेंद्र कुमाई को भारतीय नेटबॉल टीम का टीम मैनेजर नियुक्त किया गया है।वह 05 अगस्त को भारतीय टीम के साथ हांगकांग के लिए रवाना होंगे,जहां टीम 08 से 15 अगस्त तक आयोजित होने वाली 14वीं एशियन नेटबॉल चैंपियनशिप में हिस्सा लेगी।

यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता नेटबॉल वर्ल्ड कप 2027 (सिडनी, ऑस्ट्रेलिया) के लिए क्वालीफाइंग चैंपियनशिप भी है, जिसमें एशिया की शीर्ष टीमें विश्व कप में स्थान बनाने के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। ऐसे महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में उत्तराखंड के प्रतिनिधि के रूप में सुरेंद्र कुमाई की नियुक्ति पूरे प्रदेश के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।

भारतीय टीम का नेतृत्व हेड कोच विक्रम आदित्य रेड्डी करेंगे,जबकि सरियू को असिस्टेंट कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

टीम मैनेजर के रूप में सुरेंद्र कुमाई अपने अनुभव और कुशल प्रबंधन से भारतीय टीम को मजबूती प्रदान करेंगे।

नेशनल नेटबॉल डेवलपमेंट कमेटी के चेयरमैन हरिओम कौशिक के मार्गदर्शन में भारतीय नेटबॉल लगातार नई ऊँचाइयों को छू रहा है। खिलाड़ियों के विकास, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धात्मक प्रदर्शन और खेल के विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयासों का ही परिणाम है कि भारतीय नेटबॉल टीम आज एशिया में अपनी मजबूत पहचान बना रही है।

उत्तराखंड नेटबॉल एसोसिएशन के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने सुरेंद्र कुमाई को इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि उनके नेतृत्व और प्रबंधन में भारतीय टीम एशियन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करेगी तथा नेटबॉल वर्ल्ड कप 2027 के लिए सफलतापूर्वक क्वालीफाई कर देश का गौरव बढ़ाएगी।

सुरेंद्र कुमाई की यह उपलब्धि उत्तराखंड के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।यह साबित करती है कि प्रदेश की प्रतिभाएं अब राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर भी अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं।पूरे उत्तराखंड को भारतीय टीम से उत्कृष्ट प्रदर्शन और ऐतिहासिक सफलता की उम्मीद है।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india