थौलधार।।विकासखंड थौलधार एवं टिहरी तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रामगांव और बौर गांव की कुछ भूमि की प्रस्तावित नीलामी को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्माता जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा भूमि नीलामी के लिए निविदा आमंत्रित किए जाने के बाद स्थानीय स्तर पर विरोध के स्वर लगातार तेज हो रहे हैं।
इसी बीच सोशल मीडिया और क्षेत्रीय स्तर पर भाजपा के कुछ पदाधिकारियों एवं नेताओं द्वारा भूमि नीलामी के विरोध में धरना–प्रदर्शन किए जाने की खबरों के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर सवाल खड़े किए हैं।
प्रदेश कांग्रेस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि राज्य और केंद्र दोनों जगह भाजपा की सरकार होने के बावजूद भाजपा नेताओं का अपनी ही सरकार के निर्णयों के खिलाफ आंदोलन करना राजनीतिक विरोधाभास को दर्शाता है।
कांग्रेस ने कहा कि यदि संबंधित नेता वास्तव में भूमि नीलामी के विरोध में हैं तो उन्हें पहले अपने पदों से इस्तीफा देकर खुलकर जनहित में संघर्ष करना चाहिए।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार और संगठन की भूमिका स्पष्ट होनी चाहिए तथा भूमि नीलामी जैसे संवेदनशील विषय पर राजनीतिक बयानबाजी से अधिक समाधान की दिशा में कार्य होना चाहिए।
वहीं भूमि नीलामी को लेकर क्षेत्र में लगातार बढ़ते विरोध के बीच आने वाले दिनों में आंदोलन और राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना जताई जा रही है। अब सभी की नजर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की आगामी भूमिका पर टिकी हुई है।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

