व्यू प्वाइंट, सेल्फी प्वाइंट और पार्किंग सुविधाओं को पर्यटक सुविधाओं के अनुरूप विकसित करने के निर्देश।
टिहरी गढ़वाल।।(सू०वि०)जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने गुरुवार को जाख-डोबरा मोटर मार्ग एवं डोबरा चांठी पार्किंग का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित व्यू प्वाइंट, सेल्फी प्वाइंट और छोटी पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने कहा कि डोबरा क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।यहां आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त पार्किंग, सुरक्षित सड़क और आकर्षक पर्यटन स्थल विकसित किए जाने जरूरी हैं।
उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि जहां सड़क चौड़ीकरण का कार्य अभी शुरू नहीं हुआ है, वहां शीघ्र कार्य प्रारंभ किया जाए।
उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य निर्धारित मानकों एवं नियमों के अनुरूप किया जाए।जिन स्थानों पर ग्रामीणों की आपत्तियां या समस्याएं सामने आ रही हैं, वहां संबंधित ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए,ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक बाधा न आए।
पार्किंग में 49 कार और 8 बसों समेत 120 दोपहिया वाहनों की सुविधा
डोबरा चांठी पार्किंग के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जिलाधिकारी को प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी दी।
पार्किंग में 49 चार पहिया वाहन, 4 ईवी चार पहिया वाहन, 6 असेंबल पार्किंग वाहन, 120 दोपहिया वाहन तथा 8 बसों के लिए पार्किंग व्यवस्था प्रस्तावित है।
इसके अलावा पार्किंग परिसर में स्थानीय उत्पादों के लिए हाट बाजार, प्रोडक्शन सेंटर, ओपन थिएटर सहित अन्य सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पार्किंग एवं आसपास के क्षेत्र को स्थानीय संस्कृति एवं पहाड़ी स्वरूप के अनुरूप हेरिटेज लुक दिया जाए। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा।
उन्होंने कहा कि डोबरा चांठी में विकसित होने वाली सुविधाएं ऐसी हों, जो पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनने के साथ स्थानीय लोगों के लिए भी उपयोगी साबित हों।
पीएचसी डोबरा का भी किया निरीक्षण।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डोबरा चांठी पार्किंग परिसर में संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डोबरा का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए प्रभारी अधिकारी से केंद्र के संचालन की अवधि, इसके अंतर्गत आने वाले गांवों,स्वीकृत पदों के सापेक्ष कार्यरत कार्मिकों तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा आमजन को सुचारू स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर एडीबी अमित रुसिया, अधिशासी अभियंता लोनिवि चंबा राजेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
उत्तराखंड।।फर्नीचर मार्केट और कवर्ड मार्केट में अव्यवस्थाओं पर जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी, सुधार कार्यों में तेजी लाने के निर्देश।
टिहरी गढ़वाल।।(सू०वि०)जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने एडीबी के अंतर्गत लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत से फर्नीचर मार्केट एवं कवर्ड मार्केट बौराड़ी में किए जा रहे सुधारात्मक एवं निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पूर्व में दिए गए निर्देशों की प्रगति का क्रॉस वेरिफिकेशन करते हुए मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
फर्नीचर मार्केट में सीलन एवं जल निकासी की समस्या पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को ज्वाइंट से पानी के रिसाव को ठीक करने, आवश्यक वाटरप्रूफिंग ट्रीटमेंट कराने तथा ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मार्केट में खुले एवं लटकते तारों की वायरिंग को व्यवस्थित कर बंचिंग कराने तथा विद्युत संबंधी सभी कार्य नगर पालिका एवं विद्युत विभाग के समन्वय से शीघ्र पूरा करने को कहा।
मार्केट के बीच स्थित विद्युत पोल को भी नगर पालिका एवं विद्युत विभाग के समन्वय से अन्यत्र स्थानांतरित करने के निर्देश दिए।
पेड़ों की पत्तियों के कारण नालियां चोक होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका के समन्वय से नियमित सफाई कराने को कहा। साथ ही, छतों की सफाई के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मार्केट में जल निकासी, वायरिंग एवं सफाई व्यवस्था व अन्य कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कवर्ड मार्केट के निरीक्षण के दौरान खुले में लटक रहे तारों, गंदगी एवं दुकानों के बाहर खाली स्थान में कूड़ा-करकट पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दुकान के बाहर खाली स्थान को दो दिन के भीतर भरने तथा सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीढ़ियों के निकट दुकानों के शटर के ऊपर बने स्लैबों से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए उन्हें हटाने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व में किए गए निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन का क्रॉस वेरिफिकेशन करने के लिए यह निरीक्षण किया गया है।
उन्होंने कहा कि डिजाइन में जो कमियां रह गई हैं, उनके समाधान के लिए एडीबी की डिजाइन टीम को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं। कार्य पूर्ण होने के बाद फर्नीचर एवं कवर्ड मार्केट की बेहतर व्यवस्थाएं क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होंगी।
इस अवसर पर अध्यक्ष व्यापार मंडल शिवराज सिंह सजवाण, प्रोजेक्ट मैनेजर एडीबी अमित रुसिया, अधिशासी अभियंता लोनिवि चंबा राजेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

