टिहरी गढ़वाल: पीएमश्री जीआईसी मैण्डखाल में छात्र युवा संसद चुनाव उत्साहपूर्वक सम्पन्न, छात्र एकता पार्टी ने 41 मतों से दर्ज की शानदार जीत

थौलधार (टिहरी गढ़वाल)।

लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाने तथा विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं मतदान के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) मैण्डखाल में छात्र युवा संसद चुनाव का सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में पूरे दिन लोकतांत्रिक उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ चुनाव प्रक्रिया में भाग लेते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

चुनाव का संचालन विद्यालय के चुनाव प्रभारी एवं प्रवक्ता सुशील गौड़ के नेतृत्व में निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराया गया। चुनाव प्रक्रिया को लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप सफल बनाने के लिए विद्यालय प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।

छात्र युवा संसद चुनाव में दो छात्र संगठनों ने अपना पंजीकरण एवं नामांकन प्रस्तुत किया। इनमें छात्र एकता पार्टी तथा छात्र कल्याण पार्टी शामिल रहीं। दोनों दलों ने अपने-अपने विचार एवं छात्र हितों से जुड़े संकल्प विद्यार्थियों के समक्ष रखे, जिसके बाद शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान सम्पन्न हुआ। मतदान के दौरान विद्यार्थियों में अपने प्रतिनिधियों के चयन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

मतगणना के उपरांत घोषित परिणामों के अनुसार छात्र एकता पार्टी को 137 मत प्राप्त हुए, जबकि छात्र कल्याण पार्टी को 96 मत मिले। इस प्रकार छात्र एकता पार्टी ने 41 मतों के अंतर से शानदार विजय हासिल कर छात्र युवा संसद में अपना बहुमत स्थापित किया। परिणाम घोषित होते ही विजयी दल के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई तथा पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

चुनाव को सफल एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने में मुख्य चुनाव अधिकारी उम्मेद सिंह पुंडीर,पीठासीन अधिकारी अनिता जाटव,चुनाव अधिकारी अरविंद तड़ियाल,नरेश कुमार, राजमोहन रावत एवं नारायण भट्ट ने मतदान प्रक्रिया का सफल संचालन किया। मतगणना का कार्य नीरा मिश्रा, हरीश बंगवाल, संगीता सेमवाल एवं माधुरी उनियाल द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराया गया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त अध्यापक, विद्यालय प्रबंधन समिति एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा सभी ने चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री बिजेंद्र सिंह भंडारी ने छात्र युवा संसद चुनाव के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार के लोकतांत्रिक कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी एवं संविधान के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि छात्र युवा संसद विद्यार्थियों को लोकतंत्र की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराने का प्रभावी माध्यम है। इससे उनमें निर्णय लेने की क्षमता, आत्मविश्वास तथा जनहित के प्रति सकारात्मक सोच का विकास होता है। उन्होंने विजयी छात्र प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे छात्र हितों को प्राथमिकता देते हुए विद्यालय के विकास एवं अनुशासित वातावरण को और अधिक सुदृढ़ बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

चुनाव प्रभारी एवं प्रवक्ता सुशील गौड़ ने कहा कि छात्र युवा संसद चुनाव का उद्देश्य केवल प्रतिनिधियों का चयन करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया का व्यवहारिक अनुभव प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि मतदान, चुनाव प्रचार, मतगणना और परिणाम की पूरी प्रक्रिया से विद्यार्थियों में नेतृत्व, संवाद कौशल, सहयोग, उत्तरदायित्व तथा निष्पक्ष चुनाव की समझ विकसित होती है। उन्होंने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि हार और जीत लोकतंत्र का हिस्सा है तथा सभी विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करते हुए विद्यालय के विकास के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए।

इस अवसर पर क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य सुनील प्रसाद जुयाल ने छात्र युवा संसद चुनाव में विजयी हुए सभी छात्र प्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्र जीवन में लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी भविष्य के सशक्त नेतृत्व की आधारशिला होती है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में आयोजित इस प्रकार के लोकतांत्रिक चुनाव विद्यार्थियों को संविधान, लोकतंत्र, जनप्रतिनिधित्व एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की व्यावहारिक समझ प्रदान करते हैं, जिससे उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन, संवाद कौशल एवं जनसेवा की भावना का विकास होता है। श्री जुयाल ने विजयी छात्र प्रतिनिधियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे सभी छात्र-छात्राओं के हितों को सर्वोपरि रखते हुए विद्यालय में शिक्षा, अनुशासन, स्वच्छता, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं सकारात्मक वातावरण को और अधिक मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय एवं रचनात्मक भूमिका निभाएंगे। उन्होंने चुनाव प्रभारी सुशील गौड़, प्रधानाचार्य बिजेंद्र सिंह भंडारी, पीठासीन अधिकारी, चुनाव अधिकारियों, मतगणना अधिकारियों, समस्त अध्यापकगण, विद्यालय प्रबंधन समिति, विद्यालय कर्मचारियों तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने के साथ-साथ विद्यार्थियों को भविष्य का जिम्मेदार, जागरूक एवं आदर्श नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद छात्र एकता पार्टी ने छात्र हितों एवं विद्यालय के समग्र विकास को प्राथमिकता देते हुए अपनी छात्र युवा संसद टीम का गठन किया। पार्टी द्वारा लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए अदिति खंडूड़ी, उपाध्यक्ष हिमांशु भट्ट, प्रधानमंत्री संध्या जुयाल, कार्यक्रम एवं आयोजन मंत्री ममता, वित्तीय साक्षरता एवं उद्यमिता मंत्री राधिका, पुस्तकालय, साहित्य एवं सामान्य ज्ञान मंत्री अंजली खंडूड़ी, अनुशासन एवं छात्र कल्याण मंत्री सोनम, शिक्षा मंत्री कशिश कलूड़ा, नवाचार एवं छात्र प्रतिभा मंत्री दिव्या रतुड़ी, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण मंत्री प्रिंसी चौहान, सामाजिक मंत्री वैष्णवी नौटियाल, खेल एवं सांस्कृतिक मंत्री अमन डबराल, सूचना एवं प्रसारण मंत्री वैष्णवी जोशी, डिजिटल शिक्षा एवं नवाचार मंत्री स्नेहा भट्ट, कानून एवं नागरिकता मंत्री आरुषी जेल्टा तथा पूर्व छात्र एवं करियर मार्गदर्शन मंत्री अकिंता चौहान को जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं छात्र कल्याण पार्टी के आर्यन खंडूड़ी को लोकतांत्रिक परंपरा के अनुरूप नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी दी गई। विद्यालय परिवार ने सभी नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करते हुए छात्र हित, विद्यालय के विकास तथा सकारात्मक शैक्षिक वातावरण को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india