नई दिल्ली/टिहरी गढ़वाल।। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जनपद के ग्राम चोपड़ा, पोस्ट कमांद के मूल निवासी एवं वर्तमान में ग्रेटर नोएडा में निवास कर रहे श्री सुनील दत्त सिलवाल को ‘NCC Achiever’s Award–2026’ से सम्मानित किया गया।
यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें 15 जुलाई 2026 को नई दिल्ली स्थित परेड ग्राउंड ऑडिटोरियम में आयोजित एक गरिमामय समारोह में प्रदान किया गया।
यह सम्मान राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के महानिदेशक (Director General NCC) लेफ्टिनेंट जनरल वीरेन्द्र वत्स, AVSM, YSM, VSM द्वारा प्रदान किया गया।
इस अवसर पर देशभर से आए एनसीसी के वरिष्ठ अधिकारी, पूर्व कैडेट, एनसीसी एलुमनी एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहीं।
राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत संचालित एक स्वैच्छिक युवा संगठन है, जिसका उद्देश्य विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति, आत्मविश्वास, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा सेवा भावना का विकास करना है। एनसीसी युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण और उन्हें राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
‘NCC Achiever’s Award–2026’ देश के उन पूर्व एनसीसी कैडेटों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में उत्कृष्ट सेवाएं देते हुए नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सरोकार और उल्लेखनीय उपलब्धियों के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।
इस सम्मान के लिए पूरे देश से प्राप्त नामांकनों का चयन एक स्वतंत्र एवं निष्पक्ष ज्यूरी द्वारा किया जाता है।
वर्ष 2026 में पूरे भारत से 873 पूर्व एनसीसी कैडेटों ने इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए नामांकन किया था। इनमें से गहन मूल्यांकन और चयन प्रक्रिया के बाद केवल 22 पूर्व एनसीसी कैडेटों को ‘NCC Achiever’s Award–2026’ के लिए चुना गया। इन 22 विशिष्ट सम्मानित व्यक्तियों में श्री सुनील दत्त सिलवाल का चयन होना उत्तराखंड, विशेषकर टिहरी गढ़वाल के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद श्री सुनील दत्त सिलवाल ने महानिदेशक एनसीसी लेफ्टिनेंट जनरल वीरेन्द्र वत्स, AVSM, YSM, VSM, सम्मानित ज्यूरी, NCC Alumni Association के अध्यक्ष एवं समस्त पदाधिकारियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक निष्ठा, समर्पण एवं सेवा भाव से निभाने की प्रेरणा है।
उन्होंने युवाओं से भी आह्वान किया कि वे एनसीसी से जुड़कर अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।
उनका कहना था कि एनसीसी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि ऐसा मंच है जो युवाओं को बेहतर नागरिक और सशक्त नेतृत्वकर्ता बनने की दिशा में प्रेरित करता है।
श्री सुनील दत्त सिलवाल की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर टिहरी गढ़वाल सहित पूरे उत्तराखंड में हर्ष का वातावरण है।
क्षेत्रवासियों, सामाजिक संगठनों, शुभचिंतकों एवं उनके मित्रों ने उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह सम्मान निश्चित रूप से प्रदेश के युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत साबित होगा।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड से संपादक की रिपोर्ट।

