उत्तराखंड।।राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े मामलों पर सख्त हुई जिलाधिकारी ने 15 दिन में कार्रवाई और अनुपालन रिपोर्ट के दि‌ए निर्देश।

टिहरी गढ़वाल।।(सू०वि०)जनपद में राष्ट्रीय राजमार्ग-34 से जुड़े विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने संबंधित विभागों और बीआरओ अधिकारियों को सभी लंबित मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा प्रत्येक प्रकरण में तय समयसीमा के भीतर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

आवश्यकता पड़ने पर पुलिस प्रशासन का सहयोग लेकर भी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं प्रभावित ग्रामीणों द्वारा सड़क चौड़ीकरण, भू-क्षति, भवनों में दरारें, सुरक्षा दीवारों की क्षति, मुआवजा, स्लोप ट्रीटमेंट तथा अधूरे निर्माण कार्यों से संबंधित समस्याएं विस्तार से रखी गईं।

कुनेर गांव में भवनों पर खतरा, 15 दिन में सर्वे और स्लोप ट्रीटमेंट के निर्देश

ग्राम कुनेर की प्रधान रवीना देवी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-34 के चौड़ीकरण के दौरान की गई कटिंग से गांव के भवनों में दरारें आ रही हैं और पूरा गांव खतरे की स्थिति में है।इस पर जिलाधिकारी ने बीआरओ को निर्देश दिए कि 15 दिनों के भीतर स्थल का सर्वे कराकर कार्यदायी संस्था धरमराज कंस्ट्रक्शन से भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में स्लोप ट्रीटमेंट का कार्य पूरा कराया जाए।

भूमि अधिग्रहण और क्षतिग्रस्त मार्गों की होगी जांच

ग्राम कैच्छू निवासी अतर सिंह ने अधिक भूमि अधिग्रहण किए जाने की शिकायत की, जिस पर उपजिलाधिकारी नीलू चावला को ग्रामीण के साथ बैठक कर स्थल निरीक्षण एवं विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

वहीं विकासखंड थौलधार के कौशल निवासी रविन्द्र सिंह भण्डारी द्वारा ग्राम कौशल के क्षतिग्रस्त मुख्य मार्ग की मरम्मत का मामला उठाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।

मुआवजा और सुरक्षा दीवारों के मामलों पर भी सख्ती

ग्राम बौर निवासी नत्थी सिंह ने सड़क चौड़ीकरण के दौरान सुरक्षा दीवार टूटने से खेतों,फसलों और पेड़ों को हुए नुकसान का प्रतिकर न मिलने की शिकायत दर्ज कराई।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

ग्राम मंज्यूड की प्रधान रानी नेगी ने क्षतिग्रस्त भूमि एवं भवनों के मुआवजे का मुद्दा उठाया।इस पर जिलाधिकारी ने भू-वैज्ञानिक, बीआरओ एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की संयुक्त समिति गठित कर डैमेज असेसमेंट कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए।

सुरक्षा उपाय और अधूरे निर्माण जल्द होंगे पूरे

ग्राम गुल्डी की नीलम सजवाण द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रंबल स्ट्रिप्स, स्पीड ब्रेकर और डिवाइडर स्टड लगाने की मांग पर बीआरओ अधिकारियों ने 15 दिनों के भीतर कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया।

ग्राम स्यासू निवासी गोबर सिंह रावत ने मकान के ऊपर अधूरे पड़े कलवर्ट, नाले और सुरक्षा दीवार के निर्माण से सुरक्षा खतरे की जानकारी दी।इस पर जिलाधिकारी ने बीआरओ को 15 दिनों के भीतर कार्य पूरा करने तथा एक सप्ताह के भीतर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में बेतालू (नकोट), अनीश उनियाल (कंडीखाल), रेखा देवी (दिखोलगांव), धीरज सिंह बिष्ट (धरवालगांव), कौर सिंह (ल्वारखा), दौलत सिंह सजवाण (पुरानी टिहरी रोड, चंबा) सहित अन्य प्रभावित ग्रामीणों के प्रकरणों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े सभी मामलों का निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ तय समयसीमा में कार्य पूर्ण कर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, पुलिस क्षेत्राधिकारी महेश लखेड़ा,बीआरओ के कमांडर राजकिशोर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india