उत्तराखंड।।जनता दरबार में 58 फरियादियों ने रखीं समस्याएं,डीएम टिहरी ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश।

टिहरी गढ़वाल।।।(सू०वि०)जिला सभागार नई टिहरी में सोमवार को जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित किया गया। 

जनता दरबार में जिलेभर से पहुंचे लोगों ने पेयजल, विद्युत, मुआवजा, पेंशन, सड़क, राशन कार्ड सहित विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। 

कार्यक्रम में कुल 58 आवेदन प्राप्त हुए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण किया जाए।साथ ही सीएम हेल्पलाइन एवं जन समर्पण पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों का समाधान हो चुका है,उन्हें तत्काल पोर्टल पर अपडेट किया जाए।

पेंशन और जीपीएफ प्रकरणों पर भी सख्ती

जनता दरबार में पिछले पांच वर्षों में सेवानिवृत्त कर्मचारियों से संबंधित लंबित पेंशन एवं जीपीएफ प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। 

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यदि कोई प्रकरण किसी स्तर पर लंबित है तो उसकी सूचना तत्काल उपलब्ध कराई जाए,ताकि संबंधित स्तर पर कार्रवाई कर समस्या का समाधान कराया जा सके।

कॉम्पैक्टरों के निरीक्षण के निर्देश

जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत स्थापित कॉम्पैक्टरों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। 

उन्होंने कॉम्पैक्टरों की स्थिति, संचालन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था की कार्यप्रणाली का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

सड़क,सुरक्षा दीवार और पेयजल से जुड़ी शिकायतें प्रमुख विकासखंड नरेंद्रनगर के ग्राम पसर के ग्रामीणों ने बेरनी-ओडाडा-पसर मोटर मार्ग के किलोमीटर 8 में सुरक्षा दीवार न होने के कारण पिछली बरसात में खेतों को हुए नुकसान की जानकारी देते हुए स्कर्व एवं सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग रखी। 

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

वहीं पुलमदास, जिला कोषाध्यक्ष, अनुसूचित जाति मोर्चा टिहरी गढ़वाल ने ग्राम पंचायत घियाकोटी एवं बिन्दालकोटी तक संपर्क मार्ग और सुरक्षा कार्य कराने की मांग रखी। 

इस पर सीआरए को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

प्रतापनगर के ग्राम पनियाला निवासी संजय पैन्यूली ने बताया कि सोलर पम्पिंग पेयजल योजना की 10 सोलर प्लेट क्षतिग्रस्त होने के कारण करीब पांच माह से ग्रामीणों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। डीएम ने जल निगम घनसाली को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

राशन नहीं मिलने की शिकायत पर भी कार्रवाई के निर्देश

तहसील टिहरी क्षेत्र के ग्राम जाख निवासी विमला उनियाल ने बताया कि उनके पास अन्त्योदय राशन कार्ड होने के बावजूद सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से उन्हें दो माह का राशन नहीं दिया गया है। जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को मामले में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कर पात्र व्यक्ति को लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

विकासखंड थौलधार के ग्राम डांग गुंसाई निवासी पिगल दास ने सड़क निर्माण से क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत की मांग रखी। 

वहीं ग्राम गवाणा हिसरीयाखाल, कीर्तिनगर निवासी राजेंद्र सिंह ने विरासत में मिले शस्त्र लाइसेंस को अपने नाम कराने की मांग रखी।दोनों मामलों में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनता दरबार में सीडीओ वरुणा अग्रवाल,आईएएस प्रशिक्षु ज्योति,एडीएम शैलेंद्र नेगी,एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता,एसएलओ नीलू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

प्रगति मिडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india