ग्रामीणों ने सड़क सुधारीकरण से लेकर ट्रैक मरम्मत, संकेतक,कूड़ेदान और पेयजल की उठाई मांग।
टिहरी गढ़वाल।।(सू०वि०)धार्मिक आस्था और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण नागटिब्बा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है।
अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने सोमवार को तहसील नैनबाग क्षेत्र के अंतर्गत नागटिब्बा मंदिर एवं पैदल ट्रैक का स्थलीय निरीक्षण किया।
उन्होंने ग्रामीणों के साथ पैदल चलकर ट्रैक और आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान ग्रामीणों ने पंतवाड़ी-पवेद ग्रामीण मोटर मार्ग की खराब स्थिति का मामला उठाते हुए करीब 13 किलोमीटर लंबे मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण की मांग रखी।इसके अलावा नागटिब्बा मंदिर तक करीब 5 किलोमीटर सड़क निर्माण, पैदल ट्रैक के सुधारीकरण, मार्ग पर संकेतक लगाने, कूड़ेदान स्थापित करने तथा पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी गई।
अपर जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और पर्यटकों की सुविधा के लिए प्राप्त मांगों एवं प्रस्तावों को संबंधित विभागों को भेजा जाएगा।
उन्होंने पंतवाड़ी-पवेद मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के संबंध में पीएमजीएसवाई को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नागटिब्बा जैसे पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर सुविधाओं के विकास के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है।
अधिकारियों को पर्यटकों की सुविधा तथा मार्ग की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि वन विभाग की भद्रीगाड़ रेंज की ओर से नागटिब्बा मार्ग पर गेट का निर्माण किया गया है,
जहां आने वाले पर्यटकों का रिकॉर्ड भी रखा जाता है।
धार्मिक आस्था और पर्यटन का प्रमुख केंद्र
नागटिब्बा क्षेत्र भगवान नागराजा को समर्पित प्राचीन मंदिर के कारण श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है।
वहीं, घने जंगलों, प्राकृतिक हरियाली और शांत वातावरण से होकर गुजरने वाला नागटिब्बा ट्रैक ट्रैकिंग प्रेमियों एवं पर्यटकों को भी आकर्षित करता है। क्षेत्र से हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियों के मनोहारी दर्शन होते हैं।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन की पहल से सड़क, ट्रैक और अन्य आवश्यक सुविधाओं में सुधार होने पर नागटिब्बा क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

