बाल रोग विशेषज्ञ डॉ०अंजली सिसोदिया ने संभाला कार्यभार,5 अक्टूबर से रोस्टरवार सर्जन व बाल रोग विशेषज्ञ देंगे सेवाएं।
उत्तरकाशी।। सीमांत जनपद उत्तरकाशी में मरीजों को बेहतर और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ०अंजली सिसोदिया ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है।इसके साथ ही अस्पताल में बच्चों से संबंधित रोगों के उपचार के लिए विशेषज्ञ सेवाएं और मजबूत होंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने बताया कि जनपद में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए महानिदेशालय स्तर पर लगातार पत्राचार एवं समन्वय किया जा रहा था।इसी प्रयास के तहत अब महानिदेशालय स्तर से एक सर्जन एवं एक बाल रोग विशेषज्ञ की रोस्टरवार सेवाएं जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी के लिए उपलब्ध कराई गई हैं।
दोनों विशेषज्ञ चिकित्सक सोमवार, 05 अक्टूबर से रोस्टरवार जिला चिकित्सालय में अपनी सेवाएं देंगे।इससे जिले के मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श और उपचार की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी तथा गंभीर अथवा विशेषज्ञ उपचार की आवश्यकता वाले मरीजों को अनावश्यक रूप से देहरादून अथवा अन्य बड़े चिकित्सा केंद्रों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी।
सीएमओ डॉ०श्याम विजय ने बताया कि वर्तमान में जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में स्वीकृत पदों के सापेक्ष विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं से अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था को और मजबूती मिलने के साथ ही मरीजों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सीमांत जनपद के प्रत्येक नागरिक को बेहतर,सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है।
विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को और मजबूत करने के लिए महानिदेशालय एवं शासन स्तर पर निरंतर समन्वय जारी रहेगा।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड से संपादक की रिपोर्ट।

