उत्तरकाशी।।टिहरी झील के अंतिम छोर पर गंदगी का अंबार, मानव-पशु शव मिलने से बढ़ी चिंता।

चिन्यालीसौड़ पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली ने THDC प्रबंधन को भेजा पत्र, तत्काल सफाई एवं निस्तारण की मांग।

चिन्यालीसौड़।।टिहरी बांध जलाशय के अंतिम छोर पर चिन्यालीसौड़ नगर पालिका क्षेत्र से सटे नागणी-हिटारा ग्राम में लंबे समय से जमा गंदगी को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली ‘श्याम’ ने गंभीर चिंता जताई है।

क्षेत्र में कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक, पॉलीथिन और घरेलू अपशिष्ट जमा होने के साथ ही अज्ञात मानव एवं पशु शव मिलने की बात सामने आने से स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य एवं पर्यावरण को लेकर चिंता बढ़ गई है।

नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली ने टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड (THDCIL) के महाप्रबंधक, टिहरी गढ़वाल को पत्र भेजकर जलाशय के अंतिम छोर की तत्काल व्यापक सफाई एवं कचरे के निस्तारण की मांग की है।

पत्र में कहा गया है कि जलाशय में बहकर आने वाला कूड़ा-कचरा नागणी-हिटारा के समीप अंतिम छोर पर जमा हो रहा है। इसके चलते क्षेत्र में दुर्गंध एवं सड़ांध फैल रही है। अध्यक्ष के अनुसार, हाल ही में इसी गंदगी के ढेर से अज्ञात शव तथा पशुओं के शव बरामद होने की जानकारी सामने आई है।

उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते सफाई नहीं कराई गई तो स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं और गंभीर हो सकती हैं।
हर वर्ष सामने आती है समस्या

मनोज कोहली ने पत्र में उल्लेख किया कि यह समस्या प्रतिवर्ष अगस्त माह से सामने आती है, लेकिन समय रहते इसका स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जलाशय के अंतिम छोर पर जमा कचरे के नियमित निस्तारण की व्यवस्था किया जाना आवश्यक है, ताकि स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य, पर्यावरण और जलाशय की स्वच्छता पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

नगर पालिका अध्यक्ष ने सर्वोच्च न्यायालय के पर्यावरण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित निर्देशों के अनुपालन की आवश्यकता भी उठाई है।हालांकि, इन निर्देशों की कथित अवहेलना के संबंध में अंतिम स्थिति संबंधित विभागों के आधिकारिक रिकॉर्ड और जांच के आधार पर ही स्पष्ट होगी।
समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
पत्र में नगर पालिका अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य एवं मानव जीवन की सुरक्षा को देखते हुए जलाशय के अंतिम छोर की सफाई का कार्य तत्काल कराया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र निस्तारण नहीं किया गया और आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रबंधन की होगी।

नगर पालिका की ओर से इस मामले में जनहित में हरसंभव स्तर पर आवाज उठाने की बात कही गई है।

पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल/निदेशक पुनर्वास THDCIL, जिलाधिकारी उत्तरकाशी, निदेशक THDCIL ऋषिकेश, तहसीलदार चिन्यालीसौड़, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद चिन्यालीसौड़ तथा स्थानीय मीडिया को भी आवश्यक कार्रवाई एवं सूचना के लिए भेजी गई है।

मनोज कोहली ने कहा कि जलाशय क्षेत्र में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि संबंधित सभी विभागों और एजेंसियों के समन्वय से जुड़ा जनहित का विषय है।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड से संपादक की रिपोर्ट।

Leave a Reply

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india