उत्तराखंड।।टिहरी गढ़वाल की माटी के होनहार चिकित्सक डॉ. राहुल बधानी का अंतरराष्ट्रीय सम्मान, शोध को मिला प्रथम स्थान।

MMSICON-2026 में ‘यंग स्कॉलर अवॉर्ड’ का प्रथम पुरस्कार हासिल कर नकोट गांव और थौलधार का बढ़ाया गौरव

टिहरी गढ़वाल।। विकासखंड थौलधार की पट्टी गुसाईं के नकोट गांव निवासी युवा चिकित्सक डॉ.राहुल बधानी ने चिकित्सा एवं सर्जरी के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए टिहरी गढ़वाल और उत्तराखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है। कोलकाता में आयोजित MMSICON-2026 के 21वें अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड एवं वैज्ञानिक कार्यक्रम में डॉ. राहुल बधानी को ‘यंग स्कॉलर अवॉर्ड’ का प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।

देश-विदेश से पहुंचे युवा सर्जनों एवं चिकित्सा विशेषज्ञों के बीच डॉ.राहुल बधानी के शोध को सर्वश्रेष्ठ चुना गया।उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार और नकोट गांव,बल्कि पट्टी गुसाईं, थौलधार और पूरे टिहरी जनपद में खुशी और गर्व का माहौल है।

सर्जरी को सुरक्षित बनाने पर किया महत्वपूर्ण शोध

डॉ.राहुल बधानी ने लेप्रोस्कोपिक कोलेसिस्टेक्टॉमी यानी पित्ताशय की दूरबीन विधि से होने वाली सर्जरी को अधिक सुरक्षित बनाने से जुड़े महत्वपूर्ण विषय पर शोध किया।उनके शोध में फ्लोरोसेंट कोलेन्जियोग्राफी के दौरान प्री-ऑपरेटिव ICG दिए जाने के उचित समय का अध्ययन किया गया।

शोध के निष्कर्ष ऑपरेशन के दौरान शरीर की महत्वपूर्ण संरचनाओं की बेहतर पहचान करने, संभावित जोखिमों को कम करने तथा सर्जिकल प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में उपयोगी साबित हो सकते हैं। 

चिकित्सा अनुसंधान के क्षेत्र में यह कार्य मरीजों की सुरक्षा और बेहतर उपचार व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

गैस्ट्रिक सर्जरी में भी हासिल कर चुके हैं प्रथम पुरस्कार।

डॉ.राहुल बधानी की यह पहली बड़ी उपलब्धि नहीं है। इससे पूर्व भी गैस्ट्रिक सर्जरी के क्षेत्र में उनके शोध को गुवाहाटी में आयोजित कार्यक्रम में प्रथम पुरस्कार प्राप्त हो चुका है।लगातार मिल रही उपलब्धियां यह दर्शाती हैं कि डॉ.राहुल चिकित्सा सेवा के साथ-साथ शोध और अकादमिक क्षेत्र में भी निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं।

नकोट से अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंची पहाड़ की प्रतिभा।

नकोट जैसे पहाड़ी गांव से निकलकर चिकित्सा के क्षेत्र में उच्च मुकाम हासिल करना और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने शोध के लिए प्रथम पुरस्कार प्राप्त करना क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि है। 

डॉ. राहुल बधानी की सफलता ने यह संदेश भी दिया है कि पहाड़ की प्रतिभाओं में किसी भी क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की पूरी क्षमता है।

पट्टी गुसाईं से जिला पंचायत सदस्य सुनील प्रसाद जुयाल ने डॉ. राहुल बधानी की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर उन्हें एवं उनके परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। 

उन्होंने कहा कि नकोट गांव से निकलकर चिकित्सा अनुसंधान के अंतरराष्ट्रीय मंच पर टिहरी का नाम रोशन करना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। 

डॉ. राहुल की उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी शिक्षा, शोध और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। 

आवश्यकता है कि ऐसी प्रतिभाओं को उचित अवसर, संसाधन और मंच उपलब्ध कराया जाए,ताकि वे अपनी प्रतिभा का उपयोग समाज और देश की सेवा में कर सकें।

नकोट गांव के इस होनहार चिकित्सक की उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

प्रगति मिडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Leave a Reply

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india