उत्तराखंड।।मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन में विद्यार्थियों ने साझा किए विकसित उत्तराखंड के सपने।

कीर्तिनगर।।(सू०वि०) हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर स्थित स्वामी मन्मंथन प्रेक्षागृह में ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उनके विचार, सुझाव और विकसित उत्तराखंड की परिकल्पना जानी।
विद्यार्थियों ने पलायन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ाने जैसे विषयों पर अपने विचार रखे।

रुद्रप्रयाग की छात्रा सीमा सेमवाल ने पलायन की समस्या पर अपनी बात रखी, जबकि तमन्ना ने पहाड़ में रोजगार और खेती से होने वाली कम आय का मुद्दा उठाया।अन्य विद्यार्थियों ने सरकारी स्कूलों, अस्पतालों और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के सुझाव भी दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा ही देश और प्रदेश का भविष्य हैं। उनके विचार और सुझाव उत्तराखंड के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और केवल नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाला बनने का लक्ष्य रखने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान के तहत प्रदेशभर से 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध एवं विचार भेजे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 के विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के निर्माण में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, सीडीओ वरुणा अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

प्रगति मीडिया टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india