कीर्तिनगर।।(सू०वि०)मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कीर्तिनगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के 10वें संस्करण के तहत देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र से भारत भ्रमण पर जाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं से मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी तैयारियों की जानकारी ली और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के 68 मेधावी छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक 16 सितंबर को भारत भ्रमण के लिए रवाना होंगे।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को देश के विभिन्न ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षिक स्थलों तथा प्रमुख संस्थानों को करीब से देखने और समझने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दर्शन जैसे शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञान और दृष्टिकोण को व्यापक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से देश के विभिन्न क्षेत्रों की उपलब्धियों से सीख लेने तथा अपने अनुभवों को अन्य विद्यार्थियों के साथ साझा करने का आह्वान किया।
विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी ने कहा कि भारत दर्शन कार्यक्रम लगातार 10 वर्षों से संचालित हो रहा है। इससे विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ी है और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश के करीब 1000 विद्यार्थियों को भारत भ्रमण का अवसर मिल रहा है, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 2000 तक करने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान विद्यार्थियों को उत्कृष्ट लेखन के लिए सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, सीडीओ वरुणा अग्रवाल, विधायक विनोद कंडारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
प्रगति मीडिया टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

