टिहरी गढ़वाल।। टिहरी जिला पंचायत अध्यक्ष ईशिता सजवाण ने बढ़ाया तीरंदाजों का हौसला,पदक विजेताओं को किया सम्मानित।

बौराड़ी स्टेडियम में नौवीं राज्य स्तरीय सीनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम।

टिहरी गढ़वाल।। बौराड़ी स्टेडियम में आयोजित नौवीं राज्य स्तरीय सीनियर बालक-बालिका तीरंदाजी प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न व्यक्तिगत एवं टीम स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को जिला पंचायत अध्यक्ष ईशिता सजवाण ने पदक प्रदान कर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष ईशिता सजवाण ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। 

तीरंदाजी जैसे खेलों से एकाग्रता, अनुशासन, धैर्य और आत्मविश्वास की भावना मजबूत होती है। 

उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास एवं खेल भावना के साथ आगे बढ़ते हुए राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर टिहरी गढ़वाल व उत्तराखंड का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता में इंडियन राउंड, कंपाउंड, रिकर्व तथा ओलंपिक वर्ग की व्यक्तिगत एवं टीम स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने पदकों के लिए कड़ा मुकाबला किया। विभिन्न वर्गों में देहरादून, हरिद्वार, अल्मोड़ा, पौड़ी, ऊधमसिंह नगर और उत्तराखंड पुलिस की टीमों ने भी शानदार प्रदर्शन किया।

टीम स्पर्धाओं में इंडियन राउंड पुरुष वर्ग में देहरादून ने स्वर्ण, उत्तराखंड पुलिस ने रजत और ऊधमसिंह नगर ने कांस्य पदक हासिल किया। 

रिकर्व पुरुष वर्ग में देहरादून प्रथम,उत्तराखंड पुलिस द्वितीय और पौड़ी तृतीय स्थान पर रहा। 

कंपाउंड पुरुष वर्ग में अल्मोड़ा ने स्वर्ण, देहरादून ने रजत तथा हरिद्वार ने कांस्य पदक जीता। 

महिला वर्ग में हरिद्वार ने स्वर्ण, देहरादून ने रजत और पौड़ी ने कांस्य पदक प्राप्त किया।

वहीं विभिन्न व्यक्तिगत स्पर्धाओं में मानषी राणा, आदर्श नेगी, अनन्या बिष्ट, शिवम वर्मा, अनुष्का, दिग्विजय सहित कई खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

बौराड़ी स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता ने टिहरी में खेल प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच उपलब्ध कराने के साथ ही युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को भी बढ़ावा दिया।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Leave a Reply

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india