उत्तराखंड।।खून से लिखे पत्रों ने उठाई टिहरी मेडिकल कॉलेज की मांग,आंदोलन ने पकड़ा जोर।

नई टिहरी। टिहरी गढ़वाल में मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है।

संयुक्त संघर्ष समिति, टिहरी गढ़वाल के नेतृत्व में मंगलवार को आंदोलनकारियों ने अनोखे तरीके से अपनी मांग सरकार तक पहुंचाई। बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने मुख्यमंत्री को अपने खून से लिखे पत्र भेजकर टिहरी में मेडिकल कॉलेज की मांग रखी।

आंदोलन स्थल पर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग जुटे। प्रदर्शनकारियों के हाथों में पोस्टकार्ड थे, जिन पर “हमें चाहिए टिहरी में मेडिकल कॉलेज” लिखा हुआ था।

आंदोलनकारियों ने कहा कि टिहरी ने देश और प्रदेश को ऊर्जा देने के लिए अपने घर, खेत और शहर तक का बलिदान दिया, लेकिन आज भी जिले के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए ऋषिकेश और देहरादून जैसे शहरों का रुख करना पड़ता है।

टिहरी मेडिकल कॉलेज हमारा अधिकार है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह पंवार ने कहा कि लंबे समय से स्याही से लिखे पत्रों और विभिन्न माध्यमों से सरकार तक मांग पहुंचाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि जब सामान्य पत्रों से सरकार तक लोगों की पीड़ा नहीं पहुंच रही है, तो युवाओं ने अपने खून से मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं।

उन्होंने कहा कि टिहरी मेडिकल कॉलेज जिले के लोगों की वर्षों पुरानी मांग है।

मेडिकल कॉलेज स्थापित होने से क्षेत्र में उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ शिक्षा, रोजगार और अन्य गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति के आंदोलन को समर्थन जारी रहेगा।
बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल।

आंदोलनकारियों ने कहा कि टिहरी में मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर संघर्ष तब तक जारी रहेगा,जब तक सरकार की ओर से इस संबंध में ठोस पहल नहीं की जाती।

कार्यक्रम में शहर अध्यक्ष कुलदीप सिंह पंवार, प्रदेश महामंत्री विजेय गुनसोला, देवेन्द्र नॉटियाल, संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक राकेश भूषण गोदियाल, विजेय नेगी, आश रावत, बेरेन्दर दत्त, मनीष पंत, भगवान सिंह, संदीप सिंह, अनिता देवी सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, शहर कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india